मध्यप्रदेश पुलिस की मानवीय और संवेदनशील पहल, महिलाओं को सकुशल वापस लाया गया
महाराष्ट्र से 5 महिला मजदूरों की सुरक्षित वापसी
विदिशा पुलिस की मानवीय पहल, महाराष्ट्र से 5 महिला मजदूरों की सकुशल वापसी..
सोलापुर और बीड पुलिस से समन्वय कर विदिशा पुलिस ने की कार्रवाई...
करारिया-गुलाबगंज से गई महिलाओं की सुरक्षित घर वापसी...
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी बोले – सभी को सकुशल वापस लाया गया...
विदिशा पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए महाराष्ट्र में फंसी पांच आदिवासी महिला मजदूरों और उनके साथ गए चार नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके घर वापस पहुंचाया है।
गुलाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सुआखेड़ी और करारिया थाना क्षेत्र के ग्राम रुसल्ली की रहने वाली पांच महिला मजदूरों को कुछ लोगों द्वारा रोजगार का झांसा देकर महाराष्ट्र के बीड और सोलापुर ले जाया गया था। वहां पहुंचने के बाद महिलाओं से कथित तौर पर जबरन मजदूरी कराई जा रही थी। आरोप है कि उन्हें तय मजदूरी नहीं दी जा रही थी और मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उनके साथ चार नाबालिग बच्चे भी थे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी। परिजनों को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। विदिशा पुलिस ने बिना देरी किए महाराष्ट्र पुलिस से समन्वय स्थापित किया। सोलापुर और बीड पुलिस से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए संयुक्त प्रयासों से सभी महिला मजदूरों और बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।



