सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं : मंत्री श्री कुशवाह
शाजापुर जिले के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री एवं शाजापुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायनसिंह कुशवाह ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किये जायें। उन्होंने यह निर्देश कलेक्ट्रेट सभाकक्ष शाजापुर में जिला विकास सलाहकार समिति एवं निर्माण कार्यों की बैठक में दिये।
मंत्री श्री कुशवाह ने विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों, अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, म.प्र. सड़क विकास निगम, म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग, जल संसाधन संभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी- जल जीवन मिशन, नगरीय प्रशासन विभाग, म.प्र. प.क्षे.विवि कंलि. विभाग, सेतु उप संभाग लोक निर्माण, लोक निर्माण विभाग भवन विकास निगम एवं मध्यप्रदेश भवन विकास निगम सहित स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ समय पर पूर्ण करें, ताकि आमजन को इनका समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने जिले की चिल्लर नदी में मिलने वाले नालों के पानी को पृथक प्रबंध कर नदी की सफाई एवं सौंदर्यीकरण करवाकर नौका पर्यटन विकसित करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों के छोटे-बड़े नालों की वर्षा पूर्व साफ-सफाई कराने, जीर्ण-शीर्ण नालों की मरम्मत करायें। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदी-नालों, कुएं बावड़ी, टंकियों की साफ-सफाई, तालाब निर्माण आदि कार्य कराने के निर्देश भी दिये। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून 2026 तक चलाया जा रहा हैं, जिसके तहत विभिन्न विभागों को दिये गये लक्ष्य अनुरूप कार्य कराये जा रहे हैं।
गेहूँ उपार्जन की भी समीक्षा
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के विभिन्न केन्द्रों में किये जा रहे गेहूं उपार्जन कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने उपार्जन कार्य पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने एवं उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा उपार्जित फसल का किसानों को समय पर भुगतान कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिये।
पेयजल की निर्वाध आपूर्ति के निर्देश
प्रभारी मंत्री श्री कुशवाह ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये कि जिले में कहीं भी पेयजल संकट की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था किया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत नल जल योजना के प्रगतिरत कार्यों को समय पर पूर्ण कर हस्तांतरित भी कराएं। इस दौरान उन्होंने विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री से जिले में ट्रांसफार्मर की स्थिति एवं किसानों की मांग अनुसार समय पर ट्रांसफॉर्मर लगाने तथा निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया, शाजापुर विधायक श्री अरूण भीमावद, जिला विकास समिति के सदस्यों ने भी निर्माण कार्यों, सुझावों आदि से संबंधित अपने-अपने प्रस्ताव दिये। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।


