मां कामाख्या के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किया अभिनंदन
राजगढ़ l मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मां कामाख्या धाम के दर्शन हेतु प्रस्थान कर रहे श्रद्धालुओं का सोमवार को ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने यात्रियों का अभिनंदन कर उन्हें मंगलमयी एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि “मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की एक ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी पहल है। इस योजना के माध्यम से वे वरिष्ठजन और श्रद्धालु, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से प्रमुख तीर्थ स्थलों तक नहीं पहुँच पाते, उन्हें निःशुल्क यात्रा का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में यह योजना न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि समाज में संस्कार, अध्यात्म और सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा दे रही है। आज हमारे बुजुर्गजन और श्रद्धालु जिस हर्ष और श्रद्धा के साथ मां कामाख्या धाम के लिए रवाना हो रहे हैं, वह इस योजना की सफलता का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि “मां कामाख्या से प्रार्थना करता हूँ कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य से परिपूर्ण रहे। इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोग लें और धार्मिक पर्यटन के साथ प्रदेश की संस्कृति का गौरव भी बढ़े।” श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना आमजन के लिए एक आशीर्वाद है, जिसने उन्हें अपने जीवन का एक बड़ा सपना पूरा करने का अवसर दिया है। रेलवे स्टेशन पर पूरे उत्साह और धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालु मां कामाख्या धाम के लिए रवाना हुए।


