रायसेन l प्रभारी मंत्री तथा मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार शुक्रवार को सिलवानी स्थित शासकीय सांदीपनि स्कूल पहुंचे तथा यहां सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री श्री पंवार जीएसटी बचत उत्सव एवं स्वदेशी अभियान कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। इस अवसर पर सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, पूर्व केबीनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह भी साथ रहे।
जिले के प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने जीएसटी बचत उत्सव एवं स्वदेशी अभियान कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में ऐतिहासिक बदलाव का निर्णय करते हुए पूर्व निर्धारित दरों में कटौती की है, जिससे जीवन रक्षक दवाइयाँ एवं रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएँ और अधिक किफ़ायती हुई हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी की दरों में की गई कटौती सम्पूर्ण देश में बचत और समृद्धि का उत्सव लेकर आया है। व्यापारियों से संवाद के दौरान जीएसटी कटौती की विशेषताओं की जानकारी देते हुए इस लोककल्याणकारी पहल के लिए सभी को शुभकामनाएँ भी दीं।
प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि जीएसटी की दरों में कमी किए जाने से गरीब और आम आदमी को लाभ मिला है। खेती किसानी में काम आने वाली उपकरण हों या दवाइयां या अन्य सामान, कीमतों में कमी आई है। कार से लेकर सुई तक हर क्षेत्र को जीएसटी की दरों में हुई कटौती का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जीएसटी की दरों में कटौती आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत का सपना तेजी से पूरा होगा। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने उपस्थित जनसमूह से कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने और देश के विकास के लिए जरूरी है कि हर घर स्वदेशी अपनाएं। हम सभी स्वदेशी सामान का उपयोग करें। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।