साईखेड़ा (पांढुर्णा)। जी एच राइसोनि यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज द्वारा All India Agricultural Students Association (AIASA) मध्यप्रदेश के सहयोग से “AGRIMECHANICA – 3 दिवसीय प्रमाणित हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम (ट्रैक्टर मेंटेनेंस एवं ड्राइविंग)” का सफल आयोजन दिनांक 08 से 10 अप्रैल 2026 तक किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि छात्रों को ट्रैक्टर संचालन एवं रख-रखाव के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान एवं तकनीकी कौशल प्रदान करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

इस अवसर पर महिंद्रा एंड महिंद्रा, छिंदवाड़ा के वर्कशॉप मैनेजर दत्तात्रेय पाटिल एवं सेल्स मैनेजर योगेश टेम्भे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत स्कूल ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज के डीन डॉ. गणेश पांडे, डॉ आशीष सारडा, इं. राकेश तुरकर, आयसा के सदस्यों में पीयूष जौँजाल अछ्यूथ, हिमांशु, सत्यम, ऐश्वर्या एवं कृषि संकाय सदस्यों द्वारा किया गया।

पहले दिन विशेषज्ञों द्वारा ट्रैक्टर के प्रमुख भागों, नियमित रख-रखाव, सुरक्षा उपाय एवं सामान्य समस्याओं के समाधान पर व्यावहारिक प्रदर्शन दिया गया। दूसरे दिन सहायक प्राध्यापक राकेश तुरकर द्वारा ट्रैक्टर ड्राइविंग एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को खेत एवं सड़क पर सुरक्षित संचालन की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के अंतर्गत फील्ड में ड्राइविंग अभ्यास भी कराया गया, जहां प्रतिभागियों को व्यक्तिगत रूप से ट्रैक्टर चलाने का अवसर मिला। इस दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा।

तीसरे एवं अंतिम दिन पुनरावृत्ति एवं शंका समाधान सत्र आयोजित किया गया, जिसके बाद प्रमाण पत्र वितरण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 110 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय सदस्यों एवं आयसा टीम के प्रयासों की सराहना की गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।