6 हजार करोड़ की 18 सिंचाई परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी पर जताया मुख्यमंत्री का आभार

भोपाल। मध्यप्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों के लिए 6 हजार करोड़ की लागत से मंजूर की गईं 18 सिंचाई परियोजनाओं से किसान समृद्ध होने से प्रदेश में समृद्धि आएगी। सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मध्यप्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों के 1250 गांवों की 2 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र में वृद्धि होगी। इन परियोजनाओं से करीब 2 लाख कृषक लाभान्वित होंगे। किसानों के खेतों में सुगमता से सिंचाई का पानी पहुंचेगा। कृषि उपज की पैदावार अधिक होने से किसान समृद्ध होंगे और क्षेत्र में खुशहाली आएगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णय पर आभार जताते हुए कही।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार गरीबों, दलितों, आदिवासियों के साथ, युवाओं और माताओं-बहनों, समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा सरकार गरीब कल्याण, लोक कल्याण, जनहितैषी कार्यों से प्रदेश की जनता की सेवा कर रही है। भाजपा सरकार समाज को साथ लेकर मध्यप्रदेश के विकास कार्यों को गति दे रही है। मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद द्वारा 9 कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी देना यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री श्री चौहान जो कहते हैं, वह करते हैं। मुख्यमंत्री कहते हैं कि वे सरकार नहीं परिवार चला रहे हैं उनका यह कथन कल्याण बोर्ड के गठन और अति पिछड़ी जनजाति बैगा, सहरिया और भारिया समाज की महिलाओं को पोषण आहार भत्ता 1250 से बढ़ाकर 1500 करने से पूरी तरह परिलक्षित होता है।

 

*कर्मचारियों व युवाओं की हितैषी सरकार*

सुश्री पाटीदार ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने शासकीय कर्मचारियों, संविदा कर्मियों को आयुष्मान भारत निरामय में शामिल कर उन्हें पांच लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की है। मंत्रिपरिषद ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आशा तथा उषा कार्यकर्ता, आशा सुपरवाईजर, कोटवार एवं संविदा कर्मचारियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपए स्वास्थ्य सुरक्षा लाभ स्वीकृत किया है। भाजपा सरकार कर्मचारियों और युवाओं के हितों में लगातार कार्य कर रही है। युवाओं और कर्मचारियों के हितों में कई निर्णय लिए गए हैं।