अन्नकूट हमारे लिए केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनसेवा का प्रतीक है
दमोह l जरारूधाम गौ-अभ्यारण्य में दीपावली मिलन एवं अन्नकूट पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद पटेल, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित संत समाज एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वामी ऋषभदेवानंद जी महाराज ने गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। स्वामी ऋषभदेवानंद जी ने कहा कि जिस प्रकार की गौसेवा यहाँ की जा रही है और जनप्रतिनिधियों सहित जनसामान्य का सहयोग मिल रहा है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण है। उन्होंने कहा ग्वालियर की कृष्णायन गौशाला में 30 हजार गौमाताओं की सेवा संतों द्वारा की जा रही है, जहाँ शासन, तंत्र और समाज का समन्वय देखने को मिलता है। इसी प्रकार जरारूधाम में भी गौ, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का कार्य सतत चलता रहे, यही हमारी कामना है।
पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने जरारूधाम गौ-अभ्यारण्य में आयोजित अन्नकूट कार्यक्रम में कहा कि आज का दिन अत्यंत शुभ है, क्योंकि ग्वालियर की प्रसिद्ध श्री कृष्णायन गौशाला के प्रमुख स्वामी ऋषभदेवानंद जी हमारे बीच उपस्थित हैं। उन्होंने कहा स्वामी ऋषभदेवानंद जी शिक्षा से इंजीनियर हैं, किंतु उन्होंने अपना जीवन गौसेवा और संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया है। उनके मार्गदर्शन में ग्वालियर के आसपास तीन और गौशालाएं संचालित हैं और अब भोपाल, इंदौर एवं उज्जैन में भी संरक्षण कार्य का विस्तार समिति द्वारा किया जा रहा है।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रतिवर्ष अन्नकूट महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग केवल सूचना मिलने पर ही यहाँ पधारते हैं। उन्होंने सभी कलाकारों, आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरारूधाम गौ-अभ्यारण्य को निरंतर मिल रहा सहयोग इस सेवा भाव की सच्ची पहचान है। उन्होंने कहा कल बड़े महाराज जी, स्वामी ऋषभदेवानंद जी के साथ उपस्थित थे और उन्होंने पूरे कार्य को देखा। उनकी जो भी सलाह होगी, वह हमारे लिए पूँजी समान है। उनके द्वारा किए गए कार्यों को हम यहाँ भी लागू करने का प्रयास करेंगे।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा जरारुधाम गौ-अभ्यारण में आकर गौसेवा का कार्य किया जा रहा है, विभिन्न प्रकार के उपक्रम चलाए जा रहे हैं, उसके लिए प्रदेश के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल जी के माध्यम से गौशाला संचालित है, निश्चित रूप से इतनी अच्छी गौशाला के संचालन के लिए प्रहलाद सिंह पटेल और उनकी जो पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा निश्चित रूप से गौसेवा का काम सरकार के द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में किया जा रहा हैं और अभी गोवर्धन पूजा भी गौशाला में की गई।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा गोकुलधाम गौशाला में कम से कम 5000 गौवंश को रखा जाएगा जिसके लिए 130 एकड़ जमीन सरकार आवंटित करेगी, जहां जैसी जमीन उपलब्ध होगी वहां इस योजना को संचालित किया जाएगा। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा नरसिंहगढ़ में 500 एकड़ जगह उपलब्ध है वहां पर लगभग 25000 के आसपास गौवंश को रखा जाएगा। इस योजना के अंतर्गत इसमें सोलर, सीएनजी, ब्रीड इंप्रूवमेंट और 25% दुधारू पशु भी उसमें रख सकते हैं, उसको भी लिया गया है।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा यह योजना इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आज जो सड़क पर गौवंश दिख रहा है, उसकी व्यवस्था ठीक से हो इस तरीके का प्रावधान सरकार ने किया है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा इस साल गर्मी के पहले इसको प्रारंभ कर दिया जाएगा, अभी 21 जगह टेंडर जारी किया गया है, 27 तारीख तक नेट पर दिखने भी लगेगा, नवंबर के अंत अंत तक एमओयू हो जाएगा और जहां-जहां कंप्लीट हो जाए बरसात के पहले वहां पर गौवंश रखना प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा। वहां गौवंश सड़क से गौशाला में शिफ्ट कर दिया जाएगा। यह योजना पूरे प्रदेश में लागू करने का सरकार का मंतव्य है, अभी 21 जगह जमीन आवंटित हो चुकी है और कई जगह चिन्हित हो चुकी है, साल भर के भीतर हर जिले में एक गौशाला बनाकर लागू किया जाएगा।
अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल जी ने दमोह लोकसभा क्षेत्र में रहते हुए जो कार्य किए हैं, वे अनुकरणीय हैं। उन्होंने बताया कि बीते 10 वर्षों से लगातार प्रहलाद पटेल जी के द्वारा अन्नकूट का आयोजन किया जा रहा है। प्रारंभिक वर्षों में यह स्थान पूर्ण रूप से जंगल हुआ करता था, लेकिन उनके निरंतर प्रयासों से इस पूरे जरारूधाम क्षेत्र को हरा-भरा स्वरूप मिला और साथ ही गौशाला की स्थापना के माध्यम से गौमाता की सेवा का कार्य भी प्रारंभ हुआ।
सांसद श्री लोधी ने कहा कि प्रहलाद पटेल जी के नेतृत्व में एक साथ दो महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं पहला, वन संरक्षण का और दूसरा, गौसेवा का। यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि अन्नकूट के अवसर पर संपूर्ण बुंदेलखंड के लोग यहाँ एकत्रित होकर दिवारी गीत, भजन, भोजन और गौमाता की सेवा में शामिल होते हैं।
सांसद श्री लोधी ने मंत्री प्रहलाद पटेल को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जरारूधाम आज सेवा, संरक्षण और जनसहभागिता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि पर्यावरणीय और सामाजिक चेतना का भी संदेश देता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि अन्नकूट पूजन और दीपावली मिलन का यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का माध्यम है। हमें यह समझना होगा कि गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व क्या है। इस प्रकार के आयोजन हमारे बच्चों को भारतीय परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर मोनिया नृत्य और बरेदी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
इसी क्रम में अन्य गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, मंत्री की धर्मपत्नी पुष्पलता पटेल एवं परिजन, नरेंद्र बजाज, सुशील गुप्ता, पं. नरेंद्र व्यास, पं. नरेंद्र दुबे, आलोक गोस्वामी, संजय यादव, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमंवशी, संचालक पंचायत राज छोटे सिंह, संचालक आवास दिनेश जैन, आयुक्त मनरेगा अवि प्रसाद, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, पंचायत प्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, जिले एवं प्रदेश के अन्य जिलो से आये लोगो के अलावा सम्मानीय मीडियाजन मौजूद रहे।
पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री श्री प्रहलाद पटेल आज सिद्धधाम मंदिर परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम के तहत् परिसर और आसपास प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य सामाग्री उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होने यहॉ सिद्धधाम में अन्नकूट पूजा अर्चना कर भोग अर्पित किया।



