निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की कोई समझौता नहीं किया जायेगा-मंत्री श्री सिंह

जबलपुर । लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। लगभग 11 करोड़ की लागत से बनने वाले बंदरिया तिराहा से महानद्दा फ्लाईओव्हर ब्रिज तक व्हाईट टॉपिंग कार्य के भूमिपूजन के अवसर पर छोटी लाईन फाटक में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि वे जबलपुर की जनता के ऋणी व अभारी हैं। जिन्होंने 20 वर्ष तक सांसद तथा इस बार विधानसभा में भेजने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि अब जबलपुर की जनता का ऋण उतारने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार से उन्हें लोक निर्माण विभाग का दायित्व मिला और जिस दिन से वे लोक निर्माण विभाग संभाले हैं उसी दिन से उनका ध्यये वाक्य लोक निर्माण से लोक कल्याण है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आजादी के बाद 57–58 सालों तक जबलपुर की उपेक्षा की गई, लेकिन अब उपेक्षा नहीं होगी। जबलपुर को बड़ा गांव से ऊपर उठाकर महानगर बनाने का काम किया गया। आज मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओव्हर जिसकी लागत 11 हजार करोड़ है, जबलपुर में है, जो पूर्णता की ओर है, जिसका लोकार्पण अगले माह किया जा सकता है। 4 हजार 500 करोड़ की लागत से 117 किलोमीटर की रिंग रोड बन रही है, जिसमें दो लॉजिस्टिक पार्क व दो आईकॉनिक ब्रिज होंगे। देश का पहला जियोलॉजिकल पार्क भी बनेगा। 450 करोड़ रूपये की लागत से एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण हुआ, वहीं 300 करोड़ की लागत से आधुनिकतम रेल्वे स्टेशन भी बनेगा। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया चलते रहना चाहिए। अब तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता के लिए लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर अब औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करते हैं। इस वर्ष बजट में जबलपुर के विकास के लिए 3200 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये हैं। इससे जबलपुर व महाकौशल की समृद्धि व विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। बिना सड़कों के समृद्धि की कल्पना नहीं की जा सकती, बेहतर भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए सड़कों के विस्तार व सुदृढ़ीकरण पर विशेष कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में जबलपुर में 6 फ्लाईओव्हर बनेंगे। संजीवनी नगर से जीरो डिग्री तक 180 करोड़ की लागत से एक नया फ्लाईओव्हर बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने जबलपुर के विकास के लिए किये गये व स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में जबलपुर की पहचान एक महानगर के रूप में होगी। जिसकी चर्चा हर जगह होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की कोई समझौता नहीं किया जायेगा। गड़बड़ी करने वालों पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शहर की ट्राफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी हम सबकी है। आज गोरखपुर व्यपारी संघ की मांग पर कटंगा तिराहा से छोटी लाईन तक बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने, सड़क चौड़ीकरण व पेवर बलॉक लगाने की घोषणा की। केबल डक्ट का कार्य गोरखपुर गुरूद्वारा तक भी किया जायेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सिंह ने तारासिंह महानद्दा से गुप्तेश्वर पान शॉप एवं गुप्तेश्वर बंदरिया तिराहा से एमजीएम स्कूल रेल्वे क्रॉसिंग मार्ग निर्माण का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री सिंह ने आज लगभग 22 करोड़ की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें ओम मेंस वेयर से वैशाली परिसर आजाद चौक तक सड़क चौड़ीकरण एवं पुल निर्माण कार्य, ग्वारीघाट में इंडियन बैंक के पास मार्ग निर्माण भी शामिल है। कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, नगर निगम के अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, श्री अभय सिंह ठाकुर, श्री कौशल सूरी, श्रीमती अंजू भार्गव, सुश्री रूपा राव, श्री योगेन्द्र सिंह, श्री प्रशांत दुबे, श्री संतोष यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिक व बड़ी तादात में जन सामान्य उपस्थित थे।