MP - जब एक विधायक का घर ही सुरक्षित नहीं रहा, तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी ?

रीवा जिले में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन तहस-नहस कर दिया है। शहर के कई इलाके तालाब में तब्दील हो गए हैं। हालात इतने गंभीर हो गए कि गुढ़ विधानसभा से भाजपा के विधायक नागेन्द्र सिंह के घर के अंदर बेडरूम तक पानी पहुंच गया, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। विधायक नागेन्द्र सिंह ने नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि रीवा नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर की जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। बारिश का पानी उनके घर में घुस गया, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई मदद नहीं मिली है। मजबूरी में उन्होंने और उनके परिजनों ने खुद बाल्टी और मोटरों की मदद से पानी निकाला। जब एक विधायक का घर ही सुरक्षित नहीं रहा, तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी?