भोपाल। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए प्रदेशभर में किसानों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 1 लाख 81 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराकर सरकार की किसान-हितैषी नीतियों पर विश्वास जताया है।
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में 3186 पंजीयन केंद्रों की व्यवस्था की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को भी सहज और सुगम पंजीयन सुविधा उपलब्ध हो सके।
 प्रदेश के कृषि मंत्री  कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान करने और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है।
मंत्री श्री कंषाना ने किसानों से अपील की है कि वे 7 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से अपना पंजीयन सुनिश्चित कर लें, ताकि उन्हें समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि पंजीयन प्रक्रिया को सरल, सुगम और समयबद्ध बनाया जाए।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र किसान को उसकी उपज का न्यायसंगत मूल्य प्राप्त हो और प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।