भाजपा पूर्व आईपीएस सिंघम के नाम से चर्चित नेता को भेजेगी राज्यसभा
आंध्र प्रदेश से खाली होने वाली चार राज्यसभा सीटों को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। तेलुगु देशम पार्टी, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नामों पर लगभग सहमति बन चुकी है। सबसे अधिक चर्चा भारतीय जनता पार्टी की ओर से तमिलनाडु के चर्चित नेता के. अन्नामलाई के नाम को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के समझौते के तहत भाजपा को एक सीट दी गई है और पार्टी नेतृत्व ने इस सीट के लिए अन्नामलाई के नाम पर मुहर लगा दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई केवल तमिलनाडु के एक नेता नहीं बल्कि देशभर के युवाओं के बीच तेजी से उभरते हुए एक प्रभावशाली जन चेहरा बन चुके हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी के रूप में उनकी छवि पहले से ही बेहद मजबूत रही है और कर्नाटक में पुलिस सेवा के दौरान उन्हें “सिंघम” जैसे नामों से पहचान मिली। राजनीति में आने के बाद भी उनकी सादगी, ईमानदार छवि, स्पष्टवादिता और जमीन से जुड़े व्यवहार ने युवाओं को तेजी से आकर्षित किया। तमिलनाडु में उनकी सभाओं और चुनाव यात्राओं में युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिलती रही है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार अन्नामलाई ने खुद को ऐसे नेता के रूप में स्थापित किया है जो सीधे जनता से संवाद करता है और कठिन विषयों पर भी खुलकर अपनी बात रखता है। उनकी सनातनी छवि, सांस्कृतिक मुद्दों पर मुखर रुख और प्रभावशाली भाषण शैली ने उन्हें खासकर राष्ट्रवादी सोच रखने वाले युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया है।


