अफवाह फैलने से मचा हड़कंप : अचानक बढ़ गई भीड़ और मच गई अफरा-तफरी
सारंगपुर। क्षेत्र में ईंधन खत्म होने की अफवाह फैलते ही देर रात पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए घंटों तक लाइन में खड़े रहे। स्थिति ऐसी बन गई कि दोपहिया, चारपहिया और ट्रैक्टर तक पंपों पर एक साथ पहुंच गए, जिससे अव्यवस्था का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही यह खबर फैली कि पेट्रोल और डीजल की कमी होने वाली है, लोग घबराकर तुरंत ईंधन भरवाने निकल पड़े। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
इधर, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। साथ ही यह भी कहा गया है कि अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं, जिससे व्यवस्था प्रभावित होती है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


