सियासी हलचल : कलेक्टर की कार्यशैली पर भड़के राज्यमंत्री
श्योपुर में भाजपा के राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त पूर्व विधायक ने एक बार फिर कलेक्टर की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए अपनी उपेक्षा के आरोप दोहराए हैं। उन्होंने कहा कि वे सहरिया विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हैं और राज्यमंत्री का दर्जा रखते हैं। इसके बावजूद प्रशासन की बैठकों में उन्हें वह सम्मान और महत्व नहीं दिया जा रहा है, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि रामनिवास रावत किसी भी शासकीय या संवैधानिक पद पर नहीं हैं, फिर भी प्रशासनिक अधिकारी उनके इशारों पर खड़े नजर आते हैं और उन्हें विशेष तवज्जो दी जा रही है। उन्होने सवाल उठाया कि जब एक पदविहीन नेता को प्रशासनिक सम्मान और प्राथमिकता मिल रही है, तो फिर सरकार द्वारा अधिकृत राज्यमंत्री दर्जा होने के बावजूद उनकी अनदेखी क्यों की जा रही है।



