सोशल मीडिया से रहे सावधान, जरा सी चूक बन सकती है परेशानी
इंदौर l सोशल मीडिया पर उतनी ही बातें शेयर करें जो जरूरी है। जीवन की हर छोटी से छोटी घटना या अपनी निजता को प्रदर्शित करना परेशानी का कारण बन सकता है। यह बात साइबर क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक श्री शिवम ठक्कर ने न्यू लाइफ हाई सेकेंडरी स्कूल न्यू मारूति नगर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से आयोजित जागरूकता कार्यशाला में बच्चों को साइबर अपराध से किस तरह बचा जाता है और सोशल मीडिया के दुष्परिणाम की जानकारी देते हुए कहीं। कार्यक्रम में अभिभाषक तुकाराम ठाकरे प्रभारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय इंदौर ने बच्चों को निशुल्क विधिक सहायता उनके अधिकार न्याय पाने की प्रक्रिया के साथ हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी। बाल विवाह विरोधी उड़नदस्ता प्रभारी महेंद्र पाठक ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी विवाह में शामिल होने से पहले वर वधु की उम्र को परखना जरूरी है। ऐसा ना हो कि हम विवाह में शामिल होकर उसके साक्षी बन जाए और हम पर भी अपराध दर्ज हो। बच्चे अपने माता-पिता को अधिनियम की जानकारी देकर उन्हें जागरूक करने का प्रयास करें जिससे हमारा देश बाल विवाह मुक्त बने। उड़न दस्ता सदस्य संगीता सिंह ने बच्चों को बताया कि उन्हें माता-पिता की बातों को मनाना चाहिए। कभी भी माता-पिता उनका बुरा नहीं चाहते, उनकी हर बात में कोई ना कोई सीख होती है। घर से निकले तो अनजान लोगों से बचें। उनके दिए जाने वाले प्रलोभन में ना आए और खुद की सुरक्षा के लिए प्रयास करें।
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से अपनी शिकायत पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने की जानकारी भी दी। फिल्म निर्माता राजेंद्र राठौड़ ने बच्चों को नशा मुक्ति के महत्व को समझाते हुए बच्चों के स्वास्थ्य शिक्षा और भविष्य में इसका पढ़ने वाला प्रभाव समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशा मुक्त जीवन की दिशा दिखाने एक स्वस्थ समाज की ओर ले जाने का महत्वपूर्ण कदम है। समारोह में पेरा लिगल वालेंटियर सुनीता ठक्कर और शशि कुशवाहा है कानूनी सहायता लेने के तरीके हेल्पलाइन तथा अन्य जानकारी दी। विद्यालय के प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्रा ने बच्चों को रोचक तरीके से कानून का पालन करने और अपने माता-पिता तक जानकारी भेज कर उन्हें जागरूक करने की बात कही। आभार प्रिया मिश्रा ने माना।



