2 लाख 55 हजार के सुपर सीडर पर 1 लाख 20 हजार सबसिडी दे रही सरकार
श्योपुर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के नेेतृत्व में जिले में पराली प्रबंधन के लिए न केवल सतत् रूप से प्रयास किये जा रहे है, बल्कि ग्रामों में किसान सभाएं कर किसानों को पराली प्रबंधन में उपयोगी कृषि यंत्रों को अनुदान पर खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में अब किसान सुपर सीडर खरीदने में रूचि दिखा रहे है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आज कलेक्ट्रेट परिसर में दो किसानों को शासन की योजना के तहत सुपर सीडर प्रदाय किये गये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, एसडीएम श्योपुर श्री गगन सिंह मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, उप संचालक कृषि श्री जीके पचौरिया, एडीईओ श्री अरूण शाक्य, सहायक कृषि यंत्री श्री अंकित सेन तथा किसान उपस्थित थे।
शासन की अनुदान योजना के तहत जिन किसानों को आज सुपर सीडर प्रदान किये गये, उनमें श्री कमल किशोर मीणा निवासी बमोरी जाट तथा श्री जसपाल सिंह निवासी बर्धा बुजुर्ग शामिल है। इस अवसर पर किसानों ने बताया कि पराली को जलाने से रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव में जाकर समझाइश दी जा रही है तथा जब हमें बताया गया कि इस पर सरकार द्वारा अनुदान भी दिया जा रहा है तो हमने कृषि विभाग के ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आवेदन ऑनलाइन किया था, जिस पर सरकार द्वारा हमें सुपर सीडर पर 1 लाख 20 हजार का अनुदान दिया गया, सुपर सीडर खरीदने के लिए हमने केवल 1 लाख 35 हजार रूपये व्यय किये है। उन्होने यह भी बताया कि अनुदान पोर्टल के माध्यम से हम किसी भी एजेंसी से हमारी स्वैच्छानुसार सुपर सीडर खरीद सकते है।
उक्त दोनो किसानों द्वारा 11 फीट चौडाई का सुपर सीडर खरीदा है, जिसमें 13 लाइन है, जिनके माध्यम से हम सीधे ही गेहूं की बोवनी कर सकेंगे। दोनो जागरूक किसानों ने कहा कि पराली में आग लगाने से कोई भी दुर्घटना घटित हो सकती है, इसके साथ ही भूमि की उर्वरा शक्ति भी तापमान बढने से खत्म होती है, इसके अलावा जब तक पराली न हटे तक तब हम गेहूं की बुआई भी नही कर पाते थे। अब हमें सरकार की योजना के तहत सुपर सीडर आसानी से श्योपुर के डीलर द्वारा ही उपलब्ध करा दिया गया है। इससे न केवल हम पराली का उचित प्रबंधन कर सकेंगे, बल्कि समय रहते गेहूं की बुआई होने से गेहूं का उत्पादन भी अधिक होगा।
कृषि विभाग के अधिकारियो ने बताया कि श्योपुर जिले में अभी तक 38 किसानों के सुपर सीडर, 2-2 किसानों को स्मार्ट एवं हैप्पी सीडर तथा 12 किसानों को स्ट्रा रीपर खरीदने के लिए अनुदान की स्वीकृति मिली है। ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल फिर से शुरू हो गया है, जिस पर किसान सुपर सीडर खरीदने के लिए आवेदन कर सकते है।



