देर रात हुई बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 14 आईएएस अफसरों के हुए तबादले
भोपाल । सोमवार देर रात मध्य प्रदेश सरकार ने पांच जिलों के कलेक्टर समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 14 अधिकारियों के ट्रांसफर किए है। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह उज्जैन आयुक्त और जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना जनसंपर्क आयुक्त बने हैं। जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर संभाग का आयुक्त बनाया गया है। इंदौर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा को शहर का नया कलेक्टर बनाया गया है। कटनी के कलेक्टर दिलीप कुमार यादव को इंदौर नगर निगम का आयुक्त व मेट्रो रेल कंपनी का अपर प्रबंध संचालक बनाया गया है। इंदौर के मौजूदा कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन का नया संभागायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा उनके पास सिंहस्थ मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा l परीक्षित संजयराव झाड़े को इंदौर विकास प्राधिकरण का नया सीईओ बनाया गया है। ये वर्तमान में नगरीय विकास विभाग के अपर आयुक्त हैं। आईडीए के मौजूदा सीईओ आरपी अहिरवार को जबलपुर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। इंदौर के मौजूदा संभागायुक्त दीपक सिंह को राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाया गया है। वहीं, राज्य निर्वाचन आयुक्त सचिव अभिषेक सिंह को गृह विभाग में सचिव बनाया गया है। ये लंबे समय से नई पदस्थापना की तलाश में थे।
मुख्य सचिव अनुराग जैन के कार्यालय में उपसचिव के पद पर कार्यरत आशीष तिवारी को कटनी का, उज्जैन जिला पंचायत की सीईओ जैती सिंह को कलेक्टर बड़वानी, जबलपुर नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव को आगर मालवा का कलेक्टर बनाया है, वहीं लंबे समय से छुट्टी पर चल रही बड़वानी कलेक्टर गुंचा सनोबर को मप्र शासन में उपसचिव पदस्थ किया है।
2013 बैच के आईएएस आगर मालवा के वर्तमान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को जबलपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है।


