थप्पड़ कांड में सांसद और विधायक आ गए आमने-सामने
सतना में ‘थप्पड़ कांड’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और भाजपा सांसद गणेश सिंह आमने-सामने आ गए हैं l कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने सांसद गणेश सिंह के खिलाफ एफआईआर की मांग करते हुए पीड़ित कर्मचारी और समर्थकों के साथ थाने में धरना दिया।
'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम के दौरान सतना सांसद गणेश सिंह द्वारा नगर निगम के संविदा कर्मी गणेश कुशवाहा को कथित रूप से थप्पड़ मारने की घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले को कांग्रेस ने बड़ा मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने भाजपा सांसद गणेश सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पीड़ित कर्मचारी और उसके परिवार के साथ भारी समर्थकों के साथ कोलगवां थाने में धरना दिया। विधायक ने सांसद के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की और सीएसपी (नगर पुलिस अधीक्षक) को ज्ञापन भी सौंपा l दूसरी तरफ भाजपा सांसद गणेश सिंह के पक्ष में कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने प्रदर्शन किया और कर्मचारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की, कर्मचारी पर हत्या की साजिश रचने का भी आरोप लगाया l इसमें और भी लोगों के शामिल होने की आशंका जताई l पूरे मामले में सांसद और विधायक के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई भी दिखाई दे रही है l



