सिरोंज के शासकीय हाईस्कूल रतनवर्ष में पदस्थ एक शिक्षक अपने शरीर पर पोस्टर चिपकाकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और  कलेक्टर से एक साल से लंबित वेतन दिलाने की गुहार लगाई। शिक्षक ने कहा कि विभागीय स्तर पर हुई त्रुटि के कारण उनका वेतन पिछले एक वर्ष से अटका हुआ है।

उन्होंने बताया कि कई बार आवेदन और पत्राचार किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गलत विवरण और प्रक्रिया में चूक के कारण भुगतान रुका हुआ है। शिक्षक ने कहा कि वेतन न मिलने से परिवार के भरण-पोषण में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने मामले को संज्ञान में लेकर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है। शिक्षक को उम्मीद है कि अब जल्द ही उनकी समस्या का समाधान होगा और उन्हें उनका लंबित वेतन मिल सकेगा।