लंदन में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता टॉमी रॉबिन्सन द्वारा आयोजित 'यूनाइट द किंगडम' मार्च में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 1.1 से 1.5 लाख लोगों ने हिस्सा लिया, जो ब्रिटेन के अब तक के सबसे बड़े दक्षिणपंथी प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है। रैली का मकसद आव्रजन (इमिग्रेशन) का विरोध करना था। लेकिन यह विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और रॉबिन्सन समर्थकों व पुलिस के बीच झड़पें हुईं। पुलिस ने बताया कि उन्हें भीड़ को काबू करने में काफी मुश्किल हुई। इसी दौरान 26 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई पुलिसवालों को घूंसे, लात और बोतलों से चोटें आईं, किसी के दांत टूट गए तो किसी की नाक और सिर पर गंभीर चोट पहुंची है l