नाराजगी : विरोध प्रदर्शन के बीच सड़क पर आ गए नाराज लोग...
विदिशा के पीतलमिल क्षेत्र में शराब दुकान को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। अभी हाल ही में ठेकेदार ने मेन रोड से दुकान को हटाकर गली में शिफ्ट किया था, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत महसूस करते हुए प्रशासन का धन्यवाद भी किया था।
लेकिन अब आबकारी विभाग इस फैसले से नाराज नजर आ रहा है। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान में ताला लगा दिया और इसे फिर से मेन रोड पर शिफ्ट करने का दबाव बनाने लगी।
इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध में सड़क पर चक्काजाम कर दिया। रहवासियों का कहना है कि पिछले तीन सालों से मेन रोड पर दुकान होने के कारण क्षेत्र में विवाद, झगड़े और अव्यवस्था बनी रहती थी, जिससे व्यापार भी प्रभावित होता था। ऐसे में दुकान को दोबारा पुरानी जगह लाना गलत होगा।


