भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के चंदला और पन्ना विधानसभा के मतदाता और कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर देश की जनता का अपार विश्वास है। देश की जनता ने विश्वास व्यक्त करते हुए ही लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से भाजपा को जिताकर श्री नरेन्द्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भ्रम फैलाया कि भाजपा 400 सीटें जीत गई तो संविधान बदल देगी। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की झूठ, छल-कपट की राजनीति को नकार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री शर्मा ने चंदला, पन्ना एवं राजनगर विधानसभा के कई गांवों में पहुंचकर मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। चंदला में आयोजित समारोह में प्रदेश शासन के मंत्री श्री दिलीप अहिरवार और पन्ना में आयोजित समारोह को पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।
चंदला के हर गांव में सड़क व पानी की सुविधा मुहैया कराई जाएगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा सरकार के प्रति जनता का इतना विश्वास है कि चंदला विधानसभा के एक बूथ पर भाजपा को 95 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं। इसी विश्वास को सम्मान देने के लिए मैं मतदाताओं का अभिनंदन कर रहा हूं। 95 प्रतिशत वोट प्राप्त करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत व परिश्रम किया है, इसलिए उनका भी अभिनंदन किया जा रहा है। चंदला विधानसभा के प्रत्येक गांव में सड़क और पीने के पानी की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। चंदला क्षेत्र विकास में किसी भी क्षेत्र से पीछे नहीं रहेगा। आप लोगों ने मुझ पर और भाजपा पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसका पूरा सम्मान रखा जाएगा।
झूठ व छल-कपट की राजनीति करने वालों को जनता ने सबक सिखाया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने देशभर में झूठ, छल-कपट की राजनीति की है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से छल-कपट की राजनीति करती आ रही है। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और विपक्षी दलों ने सबसे बड़ा झूठ बोला है कि भाजपा अगर 400 सीटों पर विजयी हो जाएगी तो संविधान बदल देगी। लेकिन मैं मध्यप्रदेश की जनता का हृदय से धन्यवाद देता हूं कि यहां की जनता ने कांग्रेस की छल-कपट की राजनीति को सफल नहीं होने दिया और श्री नरेन्द्र मोदी जी पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाई है। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस की झूठ व छल-कपट की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है, लेकिन अभी भी कांग्रेस भ्रम फैलाने से बाज नहीं आ रही है। मध्यप्रदेश की जनता आगे भी कांग्रेस को इसी तरह से सबक सिखाएगी।
हर व्यक्ति का विश्वास जीतने का कार्य करेगी भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र सहित मध्यप्रदेश में जिन बूथों पर भाजपा को जीत नहीं मिली है, उन बूथों की संख्या बहुत कम है। जिन बूथों पर भाजप को विजय नहीं मिली है, उन बूथों की जनता को मैं कहना चाहता हूं कि भाजपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के ध्येय वाक्य पर कार्य करते हैं। जिन लोगों ने इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को मतदान नहीं किया उनका उनके क्षेत्र में विकास के सभी कार्य किए जाएंगे और भाजपा उन मतदाताओं का भी विश्वास जीतने का कार्य करेगी। 
कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से सभी 29 सीटों पर विजय मिली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में आप सभी मतदाताओं के विश्वास और कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से ऐतिहासिक विजय मिली है। मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय आज देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सभी 29 सीटों पर भाजपा को विजय बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम व जनता के विश्वास के कारण ही संभव हो सकी है। छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र को लेकर तरह-तरह की बातें होती थीं, लेकिन हमें अपने भाजपा के कार्यकर्ताओं पर भरोसा था कि हम छिंदवाड़ा भी जीतेंगे। छिंदवाड़ा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जनता का विश्वास, गरीब कल्याण की योजनाओं और बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही ऐतिहासिक विजय मिली है।
एक दर्जन गांवों का भ्रमण कर किया अभिनंदन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को राजनगर विधानसभा के ग्राम बसाहनाला (देवपुर तिराहा) ग्राम मढ़ा, मुंडेरी, पटना तिराहा, बसंतपुर तिराहा, बालकोरा तिराहा और बिछाना तिराहा पर आयोजित कार्यक्रम में मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया है। इसके साथ पन्ना विधानसभा के ग्राम बीरा और अजयगढ़ में भी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। पन्ना में आयोजित समारोह में मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करने वाले 95 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता श्री कन्हैयालाल साहू को सम्मानित किया। इसके साथ ही बुजुर्ग मतदाता व मीसाबंदी श्री अवध चौबे और श्री त्रिलोक चंद जैन को भी सम्मानित किया है।
चंदला में आयोजित समारोह में जिला अध्यक्ष श्री चंद्रभान सिंह गौतम, विधायक श्री अरविन्द पटेरिया, पूर्व विधायक श्रीमती रेखा यादव, श्री करुणेंद्र प्रताप सिंह, श्री हरप्रसाद पटेल, श्री संजय रिछारिया, श्री सुरेंद्र चौरसिया, श्री अरविन्द बुन्देला, श्री अरविन्द त्रिपाठी श्री अवध मिश्रा, श्री पंकज पांडे सहित जिला पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, मतदाता उपस्थित रहे।
पन्ना जनसभा में विधायक श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष श्री बृजेन्द्र मिश्रा, श्री सदानंद गौतम, श्री उमेश शुक्ला, श्री रामअवतार पाठक, श्री आशुतोष मेहदेले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीनाराजे परमार, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।