भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-27 स्थित कमला नगर सामुदायिक भवन में शक्ति केन्द्र कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सदस्य बनना देश की सुरक्षा को ताकत देना है। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत व परिश्रम से भाजपा ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव फिर लोकसभा चुनाव में इतिहास रचा है। इसी तरह का इतिहास मध्यप्रदेश को संगठन पर्व में रचना है। इतिहास तभी बनेगा, जब आप सभी बूथ के कार्यकर्ता संगठन पर्व के तहत घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाएं। कार्यशाला को भाजपा प्रदेश महामंत्री, संगठन पर्व अभियान के प्रदेश संयोजक व विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर 6 वर्षों में सदस्यों की सदस्यता का नवीनीकरण करती है और नए लक्ष्य निर्धारित कर लोगों को पार्टी की विचारधारा बताकर सदस्य बनाया जाता है। मैं तीन सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पार्टी का सदस्य बनाकर प्रदेश में सदस्यता अभियान का शुभारंभ करूंगा।
डेढ़ करोड़ के लक्ष्य में भोपाल का अलग स्थान होना चाहिए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन ने मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। पिछले सदस्यता अभियान में 96 लाख से अधिक लोग पार्टी  के सदस्य बने थे। इस बार डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। हर जिले को लक्ष्य मिला है। भोपाल के पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व के दौरान अधिक से अधिक सदस्य बनाकर अलग स्थान अर्जित करें। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। बूथ जीता चुनाव जीता और बूथ विजय अभियान जैसे पार्टी के कार्यक्रमों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती मिली है। मध्यप्रदेश के संगठन की देश भर में चर्चा होती है। संगठन पर्व में भी लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर इतिहास कायम करें। भोपाल में जिन बूथों व विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को अधिक मत मिले हैं, वहां अधिक से अधिक सदस्य बनाएं और जिन बूथों में पार्टी को कम मत मिले हैं, वहां विशेष रूप से पार्टी पदाधिकारी घर-घर संपर्क करें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर संगठन को मजबूत बनाएं। 
प्रधानमंत्री जी और भाजपा सरकार गरीबों के हितों के लिए कार्य कर रही
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद वर्षों तक देश और प्रदेश में सरकारें रहीं, लेकिन किसी ने गरीबों के हितों के लिए कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 2014 में देश में भाजपा की सरकार बनी और इसके बाद गरीबों के हितों के लिए कई कार्य किए गए। प्रधानमंत्री जी ने पीएम आवास योजना लाकर गरबों को पक्का मकान देने के साथ आयुष्मान योजना में 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की गारंटी दी। कोरोनाकाल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न योजना लागू कर देश के गरीबों को निःशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है। श्री नरेन्द्र मोदी जी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद 3 करोड़ पीएम आवास को मंजूरी प्रदान की है। इसके साथ केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा गरीब कल्याण की कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। गरीबों की योजनाएं इसलिए चल पा रही हैं कि क्योंकि आप सभी ने मेहनत की और भाजपा को सत्ता में आकर लोगों की सेवा करने का मौका मिला। आपके एक वोट से देश की सुरक्षा को ताकत मिलती है। आपके एक वोट से मिली ताकत से जम्मू-कश्मीर से धारा-370 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हटाया। इसलिए आप सभी संगठन पर्व में हर समाज वर्ग के लोगों से संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा बताकर सदस्य बनाएं।
सभी कार्यकर्ता संगठन पर्व के कार्य में जुट जाएं - श्री भगवानदास सबनानी
भाजपा प्रदेश महामंत्री, संगठन पर्व के प्रदेश संयोजक और विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने शक्ति केंद्र कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि इस शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाले सभी 6 बूथों के कार्यकर्ता यहां एकत्रित हैं। पिछले वर्ष हुए विधानसभा के चुनाव और इस वर्ष हुए लोकसभा के चुनाव में इन बूथों पर भाजपा को रिकार्ड मत प्राप्त हुए हैं। आप सभी बूथ कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर 31 अगस्त को संगठन पर्व कार्यशाला में शामिल हों। एक सितंबर से शुरू हो रहे संगठन पर्व में चुनाव कार्य की तरह जुटकर पार्टी द्वारा दिए गए लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाएं।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, पार्टी जिला उपाध्यक्ष श्री शंकर मकोरिया, शक्ति केंद्र संयोजक सहित बूथ अध्यक्ष व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।