भोपाल में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान सोमवार रात को असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने के बाद तनाव फैला रहा l निशातपुरा से शुरू हुआ जुलूस जब आरिफ नगर मेट्रो निर्माण स्थल के पास पहुंचा, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर 4-5 अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके l पथराव में गणेश प्रतिमाएं खंडित हो गई l घटना के बाद जुलूस में शामिल झांकी के सदस्यों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने डीआईजी बंगला चौराहे पर प्रदर्शन किया और आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग की l देर रात पुलिस अफसरों की समझाइश और आश्‍वासन के बाद प्रदर्शन खत्‍म हुआ l पथराव के बाद गणेश झांकी के लोग और गुस्साए कार्यकर्ता डीआईजी बंगले चौराहे पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी करने लगे l उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए धरना शुरू कर दिया l इस दौरान सड़क पर  भारी जाम लगा रहा l घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू उत्‍सव समिति सहित अन्‍य हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और यहां तनाव की स्थिति बन गई l घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस को इलाके में तैनात करना पड़ा l भोपाल में विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव की इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं l स्थानीय संगठनों का कहना है कि प्रशासन को पहले से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने चाहिए थे, ताकि इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें l