सेवा भारती शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण- दीपावली की शुभकामनाओं के साथ सम्पन्न
रायसेन। सेवा भारती द्वारा संस्कार केंद्र शिक्षिकाओं का प्रशिक्षण एवं मानदेय वितरण कार्यक्रम, दीपावली उपहारों और शुभकामनाओं के साथ संपन्न हुआ।
नगर के रामलीला मैदान स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रायसेन, सलामतपुर और बारला क्षेत्रों की शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर सेवा भारती प्रांत उपाध्यक्ष डॉक्टर श्रीमती किरण शेजवार, विभाग संयोजक राजेश भार्गव और जिला कोषाध्यक्ष के.के. तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने शिक्षिकाओं के सेवा एवं समर्पण भाव की सराहना करते हुए उन्हें समाज में संस्कार जागरण के लिए निरंतर प्रेरित किया। साथ ही प्रकाश पर्व दीपावली को समरसता और उल्लास के साथ मनाने का संदेश भी दिया। अंत में शिक्षिकाओं को दीपावली के उपहार एवं मिष्ठान वितरित किए गए।
इसी क्रम में बरेली के सरस्वती शिशु मंदिर में बरेली, बाड़ी, खरगौन एवं सुल्तानपुर नगरों की 15 शिक्षिकाओं का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्र में सेवा भारती जिला सचिव बी.एस. किरार ने संस्कार केंद्रों की गतिविधियों, धर्म-संस्कृति और मूल्य शिक्षा पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि “संस्कारों रूपी दीप सदैव जलते रहें, यही सच्ची दीपावली है।” सप्तशक्ति मातृ संगठन की संयोजक भारती सोनी ने पंच परिवर्तन की व्यावहारिक बातें समाज की प्रत्येक महिला तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला कार्यकारिणी के सह-कोषाध्यक्ष अवनीश पालीवाल, वरिष्ठ समाजसेवी विट्ठलदास भूतड़ा सहित सेवा भारती जिला कार्यकारिणी के हीरेन्द्र मालवीय, नगर अध्यक्ष अवध नारायण सक्सेना, सह सचिव दिलीप राठौर एवं पद्मेश ठाकुर उपस्थित रहे।
अंत में विभाग संयोजक राजेश भार्गव ने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से सभी शिक्षिकाओं और पदाधिकारियों को दीपावली की मंगलमयी शुभकामनाएँ दीं।



