पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित सहायता से बची नवजात की जान
भोपाल । डायल-112 आपात परिस्थितियों में केवल त्वरित सहायता ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता और जीवन रक्षा का सशक्त माध्यम है। रायसेन जिले में परित्यक्त अवस्था में मिले एक नवजात शिशु को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाकर डायल-112 जवानों ने करुणा और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
दिनांक 07 अप्रैल को रायसेन जिले के थाना औबेदुल्लागंज क्षेत्र अंतर्गत पटेल चौराहा ब्रिज के पास एक नवजात शिशु के परित्यक्त अवस्था में मिलने की सूचना डायल-112 राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति नवजात को छोड़कर चला गया है तथा पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया।
मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ प्रधान आरक्षक श्री अवधेश भदौरिया, पायलट श्री अनीस खान एवं पायलट श्री हरिप्रसाद ने नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में लेकर एफआरव्ही वाहन के माध्यम से शासकीय चिकित्सालय औबेदुल्लागंज पहुँचाया।
डायल-112 हीरोज द्वारा प्रदर्शित यह मानवीय सेवा पुलिस के प्रति समाज के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करती है।


