सुपर कॉप और लेडी सिंघम के रूप में अपनी अलग पहचान रखती हैं गृह विभाग की सचिव श्रीमती कृष्णाबेन देशावतु
भोपाल - 2007 बैच की आईपीएस अफसर कृष्णाबेन देशावतु अपने कामकाज को लेकर हमेशा सुर्खियों में बनी रही हैं । वे जहां-जहां भी, जिस- जिस पद पर रही हैं वहां उन्होंने अपने काम के दम पर अपनी एक अलग छवि बनाई । एसपी रहते हुए वे जहां साइकिल से पेट्रोलिंग पर निकलती थीं वहीं डीआईजी रहते हुए सोशल पुलिसिंग का उनका अंदाज निराला रहा। उनकी बेवाक और दबंग कार्यशैली के लिए कभी उन्हें सुपर कॉप कहा गया, तो कभी उन्हें लेडी सिंघम कहा गया। केंद्रीय गृह विभाग की सराहनीय सेवा पदक के लिए चयनित हुई आईपीएस अफसर कृष्णाबेन देशावतु वर्तमान में पदेन आईजी रहते हुए गृह विभाग में सचिव के रूप में काम कर रही हैं। वे अपनी फिटनेस का पूरा ध्यान रखती हैं साथ ही साथ उनका ड्रेसिंग सेंस भी कमाल का होता है। मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली तेजतर्रार आईपीएस अफसर कृष्णबेन देशावतु के पति श्रीकांत भनोट भी आईएएस अफसर हैं। अपनी सख्त कार्य शैली, प्रोएक्टिव पुलिसिंग और स्टाइलिश लुक के लिए भी वे जानी जाती हैं। अपनी पोस्टिंग के दौरान वे देवास एसपी, पीटीएस उज्जैन एसपी, ग्वालियर रेंज की डीआईजी और डीआईजी एसएएफ, सेंट्रल रेंज समेत अनेक पदों पर रही हैं। डीआईजी ग्वालियर रेंज रहते हुए वे तब सुर्खियों में आई थी, जब उन्होंने अवैध वसूली के एक मामले में एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मियों को सेवा से सीधे बर्खास्त कर सख्त संदेश दिया था। जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश भर में हुई थी। कोविड काल के कठिन समय के दौरान भी उनके सेवा भाव और उनकी संवेदनशीलता को कौन भुला सकता है। वह कोविड काल के दौरान साइकिल से गश्त पर निकलती थीं। वह जहां भी रहीं हैं, वहां के लोग आज भी उन्हें याद करते हैं। गृह विभाग की सचिव कृष्णाबेन देशावतु का स्वयं का मानना है कि लाइफ में बैलेंस जैसी चीजों को वह अलग-अलग अंदाज में नहीं देखतीं। आप एक समय में जो काम कर रहे हैं ,उस पर ही अपना पूरा फोकस होना चाहिए और उस काम को ही अपना शत-प्रतिशत देना भी चाहिए । एक साथ सब कुछ करना संभव नहीं है इसीलिए जहां भी हो जिस पद पर हो, वहां पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए।



