गणतंत्र दिवस समारोह नई दिल्ली में श्रीमती झुन्नीबाई उइके विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी

भोपाल l पेंच टाइगर रिजर्व के उप संचालक श्री रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि 76वें गणतंत्र दिवस समारोह नई दिल्ली में 26 जनवरी को पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी की श्रीमती झुन्नीबाई उइके विशेष अतिथि के रूप में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में केन्द्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा विशेष अतिथि के तौर पर पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी से श्रीमती झुन्नीबाई उइके को आमंत्रित किया गया है।
श्री सिंह ने बताया कि श्रीमती उइके पति स्व. मक्खन उइके उम्र 48 वर्ष छिंदवाड़ा जिले के अंतर्गत एक दूरस्थ ग्राम पुलपुलडोह की निवासी हैं। श्रीमती उइके आदिवासी गोंड समुदाय से आती हैं। श्रीमती उइके विगत 2 दशकों से भी अधिक समय से टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं। श्रीमती उइके पेंच टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में इतने लम्बे समय से कार्य करने वाली एकमात्र महिला हैं। श्रीमती उइके पुरुष वनकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर वन एवं वन्य-प्राणियों के संरक्षण में अत्यंत साहसिक ढंग से अपना विशेष योगदान दे रही हैं।