जबलपुर l लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में रानी दुर्गावती वार्ड के आजाद नगर और सरदार वल्‍लभ भाई पटेल वार्ड में सिद्धनाथ मंदिर पर चौपाल कर विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समुचित निराकरण करने के निर्देश दिये। मंत्री श्री सिंह ने इस दौरान क्षेत्र में किये विभिन्न विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुये कहा कि जनहित के और भी कार्य होंगे। लोगों ने ज्यादातर पानी, सड़क, नाली व साफ-सफाई सुनिश्चितता करने का आग्रह किया। मंत्री श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिये कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाये। उन्होंने क्षेत्र में पानी की सुनिश्चितता को लेकर प्राथमिकता से कार्य करेंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वे जबलपुर की जनता के ऋणी व अभारी हैं। जिन्‍होंने 20 वर्ष तक सांसद तथा इस बार विधानसभा में भेजने का आशीर्वाद दिया। उन्‍होंने कहा कि हर जन प्रतिनिधि का कर्तव्य है कि वे विकास कार्य के माध्यम से जनता का ऋण उतारे। साथ ही कहा कि उन्हें विकास कार्य के माध्यम से ही अब जबलपुर की जनता का ऋण उतारने का अवसर मिला है। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार से उन्‍हें लोक निर्माण विभाग का दायित्‍व मिला और जिस दिन से वे लोक निर्माण विभाग संभाले हैं उसी दिन से उनका ध्‍येय वाक्‍य लोक निर्माण से लोक कल्‍याण है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अब विकास कार्यों में जबलपुर उपेक्षा नहीं होगी। उन्होंने जबलपुर के विकास के लिये किये गये ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि मध्‍यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाई ओव्‍हर जिसकी लागत 11 हजार करोड़ है, जबलपुर में है, जो पूर्णता की ओर है। 4 हजार 500 करोड़ की लागत से 117 किलोमीटर की रिंग रोड बन रही है, जिसमें दो लॉजिस्टिक पार्क व नर्मदा में दो आईकॉनिक ब्रिज होंगे। देश का पहला जियोलॉजिकल पार्क भी बनेगा। 450 करोड़ रूपये की लागत से एयरपोर्ट का आधुनिकीकरण हुआ, वहीं 300 करोड़ की लागत से आधुनिकतम रेल्‍वे स्‍टेशन भी बनेगा। उन्‍होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया चलते रहना चाहिए। अब तेजी से विकास हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि इस वर्ष बजट में जबलपुर के विकास के लिए 3200 करोड़ रूपये स्‍वीकृत किये गये हैं। जिसमें पश्चिम विधानसभा के लिए 1600 करोड़ रूपये के विकास कार्य होंगे। इससे पश्चिम विधानसभा के साथ जबलपुर व महाकौशल की समृद्धि व विकास का मार्ग प्रशस्‍त होगा। बिना सड़कों के समृद्धि की कल्‍पना नहीं की जा सकती, बेहतर भविष्‍य की कल्‍पना नहीं की जा सकती। इसलिए सड़कों के विस्‍तार व सुदृढ़ीकरण पर विशेष कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में जबलपुर में 6 फ्लाईओव्‍हर बनेंगे। संजीवनी नगर से जीरो डिग्री तक 180 करोड़ की लागत से एक नया फ्लाईओव्‍हर बनेगा। इसके साथ ही उन्‍होंने जबलपुर के विकास के लिए किये गये व स्‍वीकृत विभिन्‍न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले समय में जबलपुर की पहचान एक महानगर के रूप में होगी। जिसकी चर्चा हर जगह होगी। उन्‍होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्‍ता को लेकर किसी प्रकार की कोई समझौता नहीं किया जायेगा।