29 मई से 12 जून तक चलाया गया विकसित कृषि संकल्प अभियान

सीहोर l भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 29 मई से 12 जून तक किसानों के कल्याण को कृषि को उन्नत बनाने के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले में तीन दलों का गठन किया गया। प्रत्येक दल में कृषि वैज्ञानिक, कृषि विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित किया गया। अभियान के अंतर्गत गठित दलों द्वारा प्रतिदिन जिले के तीन विकासखण्ड की नौ पंचायतों में भ्रमण कर कृषकों को कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग की नवीन योजनाओं, कृषि यंत्रीकरण, खरीफ मौसम की तैयारी बीजोपचार, पशुपालन एवं उद्यानिकी फसलों के सम्बंध में तकनीकी मार्गदर्शन एवं उन्नत कृषि तकनीकी की जानकारी प्रदान की गई, ताकि कृषि को अधिक से अधिक उन्नत बनाया जा सके और किसानों की आय में वृद्धि की जा सके।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री केके पांडे ने बताया कि अभियान अंतिम दिन 12 जून को इछावर विकासखंड की ग्राम पंचायत ब्रिजिशनगर नादान तथा गुराड़ी, आष्टा विकासखंड की ग्राम पंचायत नीलबड़, झरखेड़ी तथा भूपोड़ और भैरूंदा विकासखण्ड की श्यामपुर, भादाकुई तथा गुलरपुरा में कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के दल द्वारा भ्रमण किया गया और किसानों को उन्नत खेती तकनीकों तथा योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। 29 मई से 12 जून तक चलाए गए इस अभियान के तहत आयोजित की गई इन गतिविधियों में जिले के अनेक किसानों ने कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों से तकनीकी मार्गदर्शन एवं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।