हड़कंप - दिखने में भी असली जैसा है नकली जन्म प्रमाण पत्र

भोपाल l नगर निगम की जन्म-मृत्यु प्रमाण शाखा में एक नकली जन्म प्रमाण पत्र को लेकर हड़कंप मच गया है l दरअसल एक महिला अपने बच्चें के जन्म प्रमाण पत्र में कुछ सुधार करवाने के लिए नगर निगम आई थी जब उसने जन्म प्रमाण पत्र दिया जैसे ही उसको स्कैन किया तो वह नगर निगम के पोर्टल पर नहीं दिखाई दे रहा था l शंका होने पर जब पड़ताल की गई तो पता चला कि हुबहू असली जैसा देखने वाला यह जन्म प्रमाण पत्र नकली है l रजिस्ट्रार सत्यप्रकाश बड़गैंया की माने तो फर्जी वेबसाइट के जरिए बनाया गया दस्तावेज दिखने में तो असली जैसा दिखता है, लेकिन नगर निगम के पोर्टल में इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। नगर निगम के अधिकारियों ने जब पोर्टल पर स्कैन किया तो सर्टिफिकेश फर्जी वेबसाइट से बनाया गया निकला। प्रमाण-पत्र में रजिस्ट्रार के हूबहू डिजिटल हस्ताक्षर मौजूद थे। फर्जी वेबसाइट में कोई भी दस्तावेज नहीं मांगा जाता, जो ऑनलाइन फार्म में भर दिया जाता है, उसी के आधार पर चंद मिनट में प्रमाण-पत्र तैयार हो जाता है। ठग गिरोह भोपाल नगर निगम के बाहर अपने कई दलालों को छोड़ रखा है, जो प्रमाण-पत्र बनवाने वाले लोगों को जल्दी प्रमाण-पत्र बनवाकर देने का झांसा देकर फर्जी पोर्टल से प्रमाण पत्र बनवाकर दे रहे हैं। फर्जी पोर्टल पर मात्र 20 रुपये में प्रमाण-पत्र बनाकर दिया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों को आशंका है कि इस तरह कई नकली प्रमाण-पत्र अब तक जारी किए जा चुके होंगे।