MP- पथराव, तहसीलदार की गाड़ी तोड़, महिला टीआई बुरी तरह घायल
धार जिले के धामनोद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिरसोदिया गांव में शनिवार सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अचानक ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। प्रशासन की टीम गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी, तभी कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी।
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में तहसीलदार की सरकारी गाड़ी के कांच टूट गए और वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। घटना में धामनोद थाना प्रभारी (TI) सहित एक महिला पुलिसकर्मी भी घायल हो गईं।
घायल थाना प्रभारी की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल टोल एंबुलेंस की सहायता से इंदौर रेफर किया गया, जबकि घायल महिला कांस्टेबल को प्राथमिक उपचार के लिए धामनोद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ समय के लिए हाईवे पर भी आवागमन प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में पुलिस द्वारा स्थिति संभालने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।
प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है l


