उज्जैन l महिदपुर स्थित गोगापुर क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामला पुलिस थाने तक पहुंचा, जहां पथराव में थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। एक बाइक पर एक महिला और पुरुष सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर अन्य लोग सवार थे। टक्कर के बाद कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। इसके बाद  बंजारा समाज के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।

दोनों पक्ष महिदपुर थाना पहुंचे। यहां एक पक्ष के लोग थाना परिसर के पास स्थित पोरवाल धर्मशाला के बाहर एकत्रित होकर हंगामा करने लगे।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पहुंचा इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।पथराव में थाना प्रभारी रामसिंह भाबोर के सिर और आंख के पास पत्थर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसआई सोनगरा को पीठ और हाथ में, प्रधान आरक्षक समरथलाल को हाथ में तथा आरक्षक मदन पग्गी को पीठ पर चोटें आईं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद  पुलिस ने रतन बंजारा, भारत बंजारा, सरदार बंजारा, तूफान बंजारा, हाकम बंजारा, वकील बंजारा, गीताबाई बंजारा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है l