फूटा आदिवासी महिलाओं का गुस्सा, कर दिया चक्का जाम
टीकमगढ़ l बड़ागांव धसान क्षेत्र में आदिवासी महिलाओं का गुस्सा शराब दुकान के खिलाफ फूट पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं टीकमगढ़-सागर हाईवे पर एकत्र हुईं और दुकान हटाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे आवागमन ठप हो गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उनके घर शराब की वजह से बर्बाद हो गए हैं। शराब के नशे में पति अक्सर मारपीट करते हैं, जिससे परिवार का माहौल बिगड़ जाता है। कई महिलाओं ने कहा कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण उनके पतियों की कम उम्र में मौत हो चुकी है, जिससे बच्चे अनाथ हो रहे हैं और परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। तहसीलदार पलक जैन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि शराब दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना विरोध खत्म किया और हाईवे पर लगा जाम खोल दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान शराब दुकान संचालक अपनी दुकान बंद करके मौके से फरार हो गया। इलाके में महिलाओं की एकजुटता और उनके मुखर विरोध को देखते हुए प्रशासन अब इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है।



