भोपाल l विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन आज मंगलवार को कांग्रेस विधायक खेतों में फसलों की स्थिति को दर्शाती तख्तियां लेकर सदन पहुंचे। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही चक्कर आ गया और वे बेहोश हो गए। इसके चलते कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। सीएम डॉ. मोहन यादव सदन में प्रवेश कर रहे थे तभी उन्होंने देखा कि कंसाना बेहोश होकर गिर गए। सीएम तुरंत कंसाना के पास गए। इसके बाद विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और बाकी विधायक भी पहुंचे। 

स्थिति को देखते हुए तुरंत चिकित्सा सहायता बुलाई गई। मंत्री को ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस विधानसभा परिसर पहुंची थी, लेकिन उनकी स्थिति देखते हुए उन्हें निजी वाहन से तत्काल अस्पताल रवाना किया गया। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री विश्वास सारंग, और भाजपा मीडिया विभाग के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने उन्हें वाहन में बैठाने में सहायता की।

अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद स्थिति सामान्य पाए जाने पर कुछ देर बाद ही कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने अपने फेसबुक अकाउंट पर संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं, उन्हें किसी प्रकार की गंभीर परेशानी नहीं है और अब वे पूर्णतः सामान्य महसूस कर रहे हैं।