सांसद की गाड़ी पर हमला, बीच बचाव करने आए गनमैन को भी मारा
केरल के मलप्पुरम जिले के वंडूर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सांसद शशि थरूर के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने थरूर के वाहन को रोककर उनके सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।घटना तब घटित हुई जब शशि थरूर UDF उम्मीदवार एपी अनिल कुमार के लिए प्रचार करने जा रहे थे। दो कारों में सवार करीब 8 लोगों ने थरूर की गाड़ी को बीच सड़क पर जबरन रुकवा लिया।हमलावरों ने कार के शीशों को जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया। जब थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उसके साथ भी हाथापाई की। घटना के बाद शशि थरूर ने कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके सुरक्षा गार्ड की हालत अब ठीक है।पुलिस अब इस बात की जाँच कर रही है कि यह हमला सोची-समझी साजिश थी या सड़क विवाद।


