नकली कीटनाशक मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री ने उठाए KVK के वैज्ञानिक की जांच पर सवाल
रायसेन l छीरखेड़ा गांव से चौकाने वाला मामला सामने आया है यहां कीड़ों को मारने के लिए उपयोग किए जाने वाले कीटनाशक से ही फसल खराब हो गई। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छीरखेड़ा गांव में सोयाबीन की फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने नकली कीटनाशक के खिलाफ अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ICAR की टीम गठित की है। टीम खेतों का निरीक्षण कर जांच करेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसान की फसल चली गई तो उसकी जिंदगी ही चली गई। किसानों को राहत जरूर मिलेगी और इसकी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री चौहान ने ये भी साफ किया कि KVK रायसेन के वैज्ञानिक द्वारा दिया गया प्रतिवेदन सही नहीं है, इसलिए इस मामले की जांच यह नई टीम करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को पूरा न्याय मिलेगा और नकली कीटनाशक, खाद-बीज बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ पूरे देश में व्यापक अभियान चलाया जाएगा जो नकली और खतरनाक दवाइयां बेचकर किसानों के साथ धोखा करती हैं।


