लोकायुक्त जांच में बेदाग हैं नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह

भोपाल l नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह को बड़ी राहत मिली है। कांग्रेस ने उन पर भ्रष्टाचार कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत पर लोकायुक्त संगठन ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसमें लोकायुक्त संगठन ने जांच के बाद आरोप प्रमाणित नहीं पाए जाने पर शिकायत को बंद कर दिया। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे खिलाफ कांग्रेस द्वारा किया गया षड्यंत्र पूरी तरह से विफल हो गया है। उन्होंने कहा कि मेरी छवि खराब करने के लिए झूठी शिकायत की गई। इससे मुझे मानसिक वेदना हुई। इसलिए शिकायकर्ता के ऊपर 10 करोड़ रुपए का मानहानि का दावा करेंगे। मंत्री ने कहा कि मेरे पूरे राजनीतिक जीवन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहने के बावजूद किसी भी प्रकार का आरोप नहीं लगा है। कांग्रेस के द्वारा जो अप्रमाणिक शिकायतें की गई थीं, वह जांच में आधारहीन पाई गईं। परिणामस्वरूप कांग्रेस का षड्यंत्र विफल हुआ और सत्य की जीत हुई। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस मुद्दों की नहीं षड़यंत्र की राजनीति करती है।