हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के समय-सीमा प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन लंबित प्रकरणों व विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक खबरों के निराकरण की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सविता झानिया, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय, सुश्री रजनी वर्मा, सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने उर्वरकों उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को समय पर आवश्यक मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए शासन से अतिरिक्त उर्वरकों की मांग की जाए ताकि जिले में उर्वरकों की कमी न हो। इसके साथ ही जिले में उर्वरकों की उपलब्धता के संबंध में किसानों जानकारी भी दी जाए।

सभी संकुल प्राचार्य सार्थक एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करें

          कलेक्टर श्री जैन ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि सभी संकुल प्राचार्य सार्थक एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देश दिये कि सार्थक एप की रिपोर्ट के आधार पर ही संकुल प्राचार्यों का वेतन आहरित किया जाए। कलेक्टर श्री जैन ने जिला शिक्षा अधिकारी को ग्राम रेसलपुर में संचालित कन्या छात्रावास के लिये शिक्षक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये। उन्होने ई-केवायसी कार्य की समीक्षा के दौरान सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ई-केवायसी कार्य में गति लाने के निर्देश दिये। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई व्यवस्था बनाये रखने के लिये अतिरिक्त डस्ट बिन लगाने के निर्देश भी दिये।

सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें

          बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने एसडीएम टिमरनी व खिरकिया को वन विभाग से समन्वय स्थापित कर डिपो के लिये स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिये ताकि समय पर डिपो अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट किये जा सकें। कलेक्टर श्री जैन ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का सतुष्टिपूर्वक निराकरण समय सीमा में करना सुनिश्चित करें। उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि सीएम मॉनिट, मानव अधिकार आयोग, आयुक्त, जनसुनवाई व जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करना सुनिश्चित करें।
          बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने महिला बाल विकास के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय में पूर्ण की जाए। उन्होने निर्देशित किया कि पोषण ट्रेकर एप पर जानकारी दर्ज करने की नियमित रूप से समीक्षा की जाए। उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देशित कि अपने अधीनस्थ कार्यालयों के जर्जर भवनों की सूची उपलब्ध कराएं ताकि नियमानुसार कार्यवाही की जा सके।