फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमपी में रह रहे बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि पूरे प्रदेश में संदिग्ध नागरिकता वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ग्वालियर में 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनकी नागरिकता की पुष्टि के लिए संबंधित राज्य को पत्र भेजा जाएगा। यदि जांच में यह साबित होता है कि वे विदेशी नागरिक हैं, तो उन्हें भारत से निर्वासित (डिपोर्ट) किया जाएगा।पुलिस जांच में सामने आया कि ये 8 बांग्लादेशी नागरिक महाराजपुरा क्षेत्र में देवेंद्र कंसाना नाम के व्यक्ति के मकान में किराए पर रह रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि करीब 12 साल पहले मोहम्मद शरीफ नाम का व्यक्ति बांग्लादेश के जेस्सोर जिले से भारत आया था और ग्वालियर में बस गया था। इसके बाद उसने अपने अन्य रिश्तेदारों को भी यहां बुलाकर बसाने की कोशिश की। इन सभी ने भारत में आधार कार्ड समेत कई फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए थे।हरियाणा पुलिस ने पानीपत में कुछ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके कुछ रिश्तेदार मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी रह रहे हैं। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने ग्वालियर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस ने खुफिया एजेंसी के साथ संयुक्त छापेमारी की।



