सियासी घमासान : कांग्रेस की लिस्ट में भाजपा पदाधिकारी का नाम
उमरिया l सियासत मे एक बड़ी लापरवाही सामने आई है दरअसल मध्य प्रदेश कांग्रेस केश कला शिल्पी प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय नव-नियुक्त प्रबंध समिति की सूची जारी होते ही विवाद खड़ा हो गया, जब उसमें उमरिया निवासी अनुज सेन का नाम प्रदेश सचिव के रूप में शामिल पाया गया। अनुज सेन खुद भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता हैं और वर्तमान में भाजपा नगर मंडल उमरिया में मंत्री पद पर हैं। ऐसे में कांग्रेस की सूची में उनका नाम सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया।अनुज सेन ने इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि उनका कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए हैं और आगे भी उसी पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। सेन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बिना उनकी जानकारी और सहमति के उनका नाम अपनी सूची में जोड़ दिया, जो न सिर्फ गलत है बल्कि एक सोची-समझी साजिश भी हो सकती है।
करीब 8 वर्ष पहले ही उन्होंने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था और तब से भाजपा के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। कांग्रेस संगठन ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अनुज सेन पहले कांग्रेस में थे, लेकिन बाद में पार्टी छोड़ चुके हैं। सूची तैयार करते समय त्रुटिवश उनका नाम शामिल हो गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस गलती को जल्द ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से सुधारा जाएगा।


