कौन बनेगा भारतीय जनता युवा मोर्चे का प्रदेश अध्यक्ष ..?
भोपाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है l चर्चा में कई नाम हैं लेकिन कुछ नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं ,चर्चा तो यह भी है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा में इस बार नवाचार कर किसी युवा नेत्री को कमान सौंपी जा सकती है। यदि युवा नेत्री को कमान सौंपी जाती है तो एकमात्र नाम भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य रही भक्ति शर्मा का आता है l भक्ति शर्मा की संगठन क्षमता से सभी वाकिफ हैं, वह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय है ,भक्ति के अलावा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रहे गजेंद्र सिंह तोमर का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है l तोमर दिमनी विधानसभा क्षेत्र से आते हैं और यदि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया तो गजेंद्र सिंह तोमर भी युवा मोर्चे के अगले प्रदेश अध्यक्ष हो सकते हैं l ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी गजेंद्र सिंह तोमर के नाम पर अपनी सहमति दी है वहीं ग्वालियर के प्रवीण शर्मा का नाम भी चर्चा में आया है क्योंकि वह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के करीबी है l वह मूलतः ग्वालियर के हैं लेकिन उज्जैन में उन्होंने काम किया है और उस दौरान वे डॉक्टर मोहन यादव के करीब आ गए थे l इनके अलावा भी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी रंजीत चौहान का नाम भी चर्चा में है ,रंजीत युवा मोर्चे में सक्रिय भी रहे हैं l लोगों का यहां तक कहना है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रंजीत के नाम को आगे बढ़ाया है l रंजीत चौहान को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की किचन केबिनेट का मेंबर माना जाता है वहीं भोपाल से भी एक और नाम बड़ी तेजी से चर्चा में आया है l वह हैं युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अंशुल तिवारी का, अंशुल तिवारी को भाजपा संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और भोपाल सांसद आलोक शर्मा का समर्थन है वहीं योगेंद्र ठाकुर का नाम भी चर्चा में है, योगेंद्र जबलपुर से आते हैं और वह विद्यार्थी परिषद में बहुत ही सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं l लेकिन एक बात तो तय है कि युवा मोर्चा का जो भी प्रदेश अध्यक्ष होगा वह सामान्य वर्ग से ही होगा l



