विधायक बोले आप इस देश से खाते हैं, लेकिन इसके प्रति वफादार नहीं हैं
जयपुर के हवामहल से विधायक बालमुकुंद आचार्य द्वारा एक मुस्लिम शिक्षक को वंदे मातरम और भारत माता की जय का नारा लगाने से इंकार करने पर फटकार लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे विवाद खड़ा हो गया है। दर असल यह घटना अगस्त माह के पहले सप्ताह में जयपुर के वैशाली नगर में हिंदुस्तान बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान हुई थी। इस समारोह के दौरान अंसारी मोहम्मद राशिद नामक शिक्षक को उनकी दाढ़ी से मुसलमान बताते हुए, आचार्य ने उनसे वंदे मातरम का नारा लगाने पर ज़ोर दिया। राशिद के कथित इनकार के कारण ही आचार्य ने कार्यक्रम के दौरान इस मुद्दे पर बार-बार ज़ोर दिया। आचार्य ने रशीद की वफादारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आप इस देश से खाते हैं, लेकिन इसके प्रति वफादार नहीं हैं। भाजपा विधायक ने आगे पूछा, आप वंदे मातरम क्यों नहीं कह रहे हैं? क्या आप बाहर से आए हैं? क्या आप हमारे देश के नहीं हैं? इस पर राशिद ने कहा कि हमें कोई समस्या नहीं है। हम इसी देश के हैं। मैं महाराष्ट्र से आया हूँ। हमें कोई आपत्ति नहीं है।



