जब तक मैं जीवित हूं, बंगाल को डरने की जरूरत नहीं...
पश्चिम बंगाल के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भावी मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बंगाल की जनता को सशक्त संदेश दिया। कोलकाता में पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य को किसी बात का डर नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि डर की जगह विश्वास होना चाहिए और उन्होंने भाषणों के बजाय कार्यों पर आधारित शासन शैली का वादा किया। शुभेन्दु ने आगे कहा कि जब तक मैं जीवित हूं, बंगाल को डरने की जरूरत नहीं है। बंगाल से डर खत्म हो गया है और विश्वास कायम है। मैं कम भाषण दूंगा और ज्यादा काम करूंगा। 2021 के चुनावों में, नंदीग्राम मे शुभेन्दु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को विधानसभा चुनाव में हराया था और एक बार फिर 2026 के चुनावों के लिए, भाजपा नेतृत्व ने अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर, दो सीटों से मैदान में उतारा। भवानीपुर को बनर्जी का गढ़ माना जाता है, लेकिन अधिकारी ने लगातार दूसरी बार उन्हें 15,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि बनर्जी को 58,812 वोट प्राप्त हुए।


