बालाघाट। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने आज बालाघाट में भाजपा जिला कार्यालय में अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार और संगठन का मूल भाव ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का कल्याण करना है। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी भी निभानी है। बैठक को जिला अध्यक्ष श्री रामकिशोर कांवरे ने भी संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया।
अंग्रेजों ने हमारी संस्कृति, सभ्यता और पहचान को नष्ट करने में कोई कसर नही छोड़ी - भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि देश के आजाद होने से पहले गुलामी के दौर में अंग्रेजों ने हमारी संस्कृति, सभ्यता और पहचान को नष्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। अब परिस्थितियां अनुकूल हैं, उन अवस्थाओं को और अधिक ठीक करना होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश बहुत तेज गति वे विकास कर रहा है और आगे बढ़ रहा है। जनता के कल्याण के लिए भाजपा की सरकारें लगातार कार्य कर रही हैं। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का कल्याण ही भाजपा की सरकारों और संगठन का मूल भाव है। हम सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना होगा और सभी योजनाओं को पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए कार्य करना है। 
भाजपा के लिए सत्ता देश और जनता की सेवा का माध्यम है - भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि देश की आजादी के बाद वर्षों तक देश में कांग्रेस पार्टी का शासन रहा। कांग्रेस के शासनकाल में सत्ता कमाई तथा सुख भोगने का एक जरिया बन कर रह गई थी, लेकिन भाजपा के लिए सत्ता देश और समाज की सेवा का एक माध्यम है। भाजपा पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को प्रतिपादित करते हुए अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें समाज में आगे लाने का कार्य कर रही है। भाजपा के लिए प्रथम राष्ट्र, द्वितीय संगठन अंत मे स्वयं हैं। इसी परिकल्पना को साकार करने के लिए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। हम सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर सामाजिक परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, शिक्षा, नशा मुक्ति, समरसता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। तभी हम समृद्ध, खुशहाल आत्मनिर्भर भारत की अभिकल्पना को साकार कर पाएंगे। यह सब जिम्मेदारी हम सबको मिलकर निभानी होगी।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, पूर्व मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, जिला अध्यक्ष श्री रामकिशोर कांवरे, विधायक श्री राजकुमार कर्राए, श्री गौरव सिंह पारधी, पूर्व विधायक श्री प्रदीप जायसवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री रमेश भटेरे लोधी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. टीडी वैध, श्री रमेश रंगलानी, श्रीमती लता एलकर एवं श्री सत्यनारायण अग्रवाल मंचासीन रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्रीमती मौसम बिसेन ने किया। आभार जिला महामंत्री डॉ. नरेंद्र भैरम ने माना।