रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2024 चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम का दिल्ली और फिर मुंबई में जोरदार स्वागत हुआ। विक्ट्री परेड के बाद भारतीय टीम सीधे वानखेड़े स्टेडियम पहुंची। यहां टीम इंडिया को 125 करोड़ रुपये का चेक थमाया गया। इस इनाम की घोषणा बीसीसीआई सचिव जय शाह ने विश्व कप जीतने के एक दिन बाद ही कर दी थी।  भारतीय खिलाड़ियों ने स्टेडियम में लैप ऑफ ऑनर लिया और फैंस का आभार जताया। इतना ही नहीं आखिर में भारतीय खिलाड़ियों ने स्टेडियम में ही जमकर डांस किया। इस दौरान विराट कोहली और रोहित शर्मा भी स्टेडियम में बज रहे गानों पर डांस करते दिखे।