मौत से पहले चाचा का भतीजे को अंतिम संदेश
उज्जैन l महानंदा नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने सोमवार रात अपने घर में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने भतीजों को मोबाइल पर संदेश भेजकर संपत्ति को आपस में बांट लेने की बात लिखी थी। राजेन्द्र सूद फ्रीगंज क्षेत्र में हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे और अविवाहित थे। सोमवार शाम वे दुकान बंद कर अपने घर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने अपने भतीजों को मोबाइल पर संदेश भेजा कि वह मर रहे हैं और उनके बाद घर में रखी सोने-चांदी की रकम आपस में बांट ली जाए। उनके भतीजे अंकुर सूद ने मोबाइल पर संदेश देखा और तत्काल उनके घर पहुंचे, जहां उन्होंने बिस्तर पर अपने अंकल का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी जब्त किया है, जिसमें मृतक ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



