मंदसौर l गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की हॉट एयर बैलून सवारी के दौरान हादसा हो गया। तेज हवाओं से बैलून नहीं उड़ सका और उसके निचले हिस्से में आग लग गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। हॉट एयर बैलून की सवारी के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं। हिंगलाज रिसोर्ट में नाइट स्टे के बाद सीएम सुबह बैलून राइड के लिए पहुंचे थे। हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे होने से बैलून उड़ नहीं सका और उसके निचले हिस्से में आग लग गई। मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत आग बुझाई और जिस ट्रॉली में सीएम सवार थे उसे संभाला। सीएम मोहन यादव ने  रात में उन्होंने रिसोर्ट में रुककर क्रूज से चंबल डैम के बैकवॉटर का आनंद लिया और सुबह बोटिंग भी की। 

मंदसौर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने कहा है कि कुछ माध्यमों में एयर बैलून के संबंध में भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई है, इसके संबंध में वास्तविक स्थिति इस प्रकार है। 

एयर बैलून में सुरक्षा के संबंध में किसी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई है। माननीय मुख्यमंत्री जी केवल एयर बैलून को देखने के लिए गए थे। हॉट एयर बैलून, जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, गर्म हवा का गुब्बारा होता है। इसे उड़ान भरने योग्य बनाए रखने के लिए हवा को गर्म किया जाता है, जिससे गुब्बारा ऊपर उठ सके और तैरता रहे।

इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानक पूरी तरह से पालन किए गए हैं। नागरिकों से निवेदन है कि वे असत्य और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें।