नोएडा की साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी और भड़काऊ वीडियो प्रसारित कर सार्वजनिक शांति भंग करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जनता दल की प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव सहित कई के खिलाफ गौतम बुद्ध नगर साइबर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। नेताओं ने मध्य प्रदेश की एक घटना, जिसमें एक व्यक्ति को पुलिस ने पीटा था, को नोएडा में चल रहे श्रम विरोध प्रदर्शनों से जोड़ा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर इस मामले को पोस्ट कर उन्होंने कथित तौर पर तनाव भड़काने की कोशिश की।पुलिस ने 'X' हैंडल @ItsKtyni और जितेंद्र शर्मा दौसा नामक फेसबुक प्रोफाइल के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने मध्य प्रदेश का एक वीडियो साझा किया, जबकि वे यह दावा कर रहे थे कि यह घटना नोएडा में हुई है। अफवाह व हिंसा फैलाने की शुरुआत सोशल मीडिया से हुई या व्हॉट्सएप ग्रुप से । एसटीएफ की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
 
चार दिनों से नोएडा में शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था। रविवार को शांति रही और अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई। सोमवार को अचानक नोएडा में प्रदर्शन उग्र हो गया और देखते ही देखते हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने 300 से अधिक कंपनियों में तोड़फोड़ कर दी।