मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दंपत्तियों को सुखद व उज्जवल भविष्य की दी शुभकामनाएँ

मंडला l मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माँ नर्मदा नदी का क्षेत्र प्राकृतिक सौन्दर्य से भरा हुआ है। नर्मदा नदी के जल से महाकौशल, मालवा और गुजरात का क्षेत्र सिंचित होता है। मध्यप्रदेश को नदियों का मायका कहा जाता है। उन्होंने कहा कि विश्व के पहले नदी जोड़ों अभियान के अंतर्गत केन बेतवा नदी, लिंक परियोजना प्रांरभ की गई जिससे बुंदेलखण्ड की धरती हरी-भरी हो गई है। पानी के आभाव में होने वाले पलायन को रोकने के लिए नदी जोड़ो अभियान अत्यधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्वती, कालीसिंध और चंबल नदी जोड़ो अभियान के तहत राजस्थान और मध्यप्रदेश के जिले सिंचित होंगे। प्रदेश में किसानों के विकास के लिए नया सवेरा आएगा और खेतों में फसलों की हरियाली लहराएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को ग्राम पंचायत टिकरवारा में 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों को 1552.38 करोड़ रूपए, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 56.68 लाख हितग्राहियों को 340 करोड़ रूपए, 25 लाख बहनों को सिलेंडर रिफलिंग राशि, 57 करोड़ रूपए अंतरित तथा मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्पवर्षा कर नव विवाहित वर-वधुओं को दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने व उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह गोंड़वाना की धरती वीरों की धरती रही है। यहां रानी दुर्गावती, राजा शंकरशाह, रघुनाथशाह, रानी अवंती बाई की वीरगाथाएं प्रचलित है। रानी दुर्गावती ने अपने राज्य में जल संचय का अद्भुत कार्य किया है। उन्होंने जल संचय के लिए असंख्य ताल-तलैयों का निर्माण किया। जननायक भगवान बिरसामुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हर महीने बहनों के खातों में 1250 रूपए की राशि अंतरित कर रही है। बहनों के खातों में जब यह पैसा आता है तो वह उसका सदुपयोग करती है, इससे वह आर्थिक और सामाजिक रूप से सक्षम हो रही हैं। इसी प्रकार से एलपीजी की 25 लाख बहनों को 57 करोड़ रूपए की राशि सब्सिडी दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से सभी गरीब परिवारों के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे। जिन हितग्राहियों के नाम छूट गए हैं उनके नाम जोड़ने के लिए पुनः सर्वे कराया जायेगा और उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए राशि दी जायेगी। किसानों को उन्नत और समृद्ध बनाने के लिए बिजली कनेक्शन से लेकर सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों को सोलर पंप के लिए सब्सिडी प्रदान की जाएगी। किसानों के खेतों में सोलर पंप से सिचाई होने पर बिजली बिल के झंझट से उन्हें मुक्ति मिल जायेगी। उन्होंने कहा कि सोलर पंप से अधिक बिजली उत्पादन होने पर सरकार किसानों से बिजली खरीदेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गौपालकों की हरसंभव
मदद की जायेगी। उन्होंने कहा कि 25 गाय पालने वाले गौपालकों को 25 प्रतिशत की राशि प्रदान की जायेगी। गौपालकों का दूध सहकारी समितियों के माध्यम से खरीदा जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 16 संस्कारों में विवाह एक प्रमुख संस्कार है। विवाह संस्कार के माध्यम से वर-वधु नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करते हैं। मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना के माध्यम से मंडला जिले में 1100 से अधिक वर-वधु दाम्पत्य जीवन में बंध रहे हैं। उनके विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक सहित हजारों नागरिक शामिल होकर साक्षी बने हैं। इस योजना के तहत प्रति जोड़े के लिए 55 हजार रूपए प्रदान किए जाते हैं। इस योजना के तहत प्राप्त राशि से वर-वधु अपनी मनपसंद की चीजें खरीद सकते हैं। मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना से आज पूरा मंडला जिला आनंद से भरा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभिभावकों से कहा कि अपने बच्चों के लिए पैसों की बचत जरूर करें, अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं। उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा प्राप्त करने के लिए संघर्ष किया। सामाजिक समरसता, समता एवं न्यायपूर्ण समाज के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने जीवनकाल में संघर्ष करते हुए प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर पहुंचे हैं।
सभी विकासखंडों में एक वृंदावन गांव बनाया जायेगा - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुरातन संस्कृति को सहेजने के लिए हर विकासखंड में एक वृंदावन गांव बनाया जायेगा। जिससे हमारी आने वाली पीढ़ी पुरातन परंपराओं से परिचित होगी और इससे जुड़कर समाज को आगे लेकर जायेगी। इसी तारतम्य में खरगौन में टंट्या मामा विश्वविद्यालय प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही है, जिसके तहत महिलाओं को स्थानीय निकाय के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है। महिलाओं को संपत्ति रजिस्ट्री में 2 प्रतिशत शुल्क की छूट दी गई है। तेंदूपत्ता श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिमानक बोरा 4 हजार रूपए कर दिया गया है।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दिखा लोक संस्कृति का रंग - मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना कार्यक्रम में लोक संस्कृति का रंग दिखा जहां मंडला जिले के प्रसिद्ध सैला नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति की गई, वहीं गुदुम बाजा ने सभी को आकर्षित कर दिया। अलीराजपुर से पहुंचे नृतक दल की नृत्य शैली व भाव-भंगिमा से क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। विवाह समारोह में पंडवानी गायन की छटा भी देखी गई।
विवाह समारोह में पंडवानी गायन की छटा भी देखी गई। विवाह समारोह पूरी तरह से लोकरंग में रंगकर सबको उत्साहित किया। आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि आज का दिन उत्सव का दिन है। प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 1250 रूपए की राशि अंतरित की गई है। आज आयोजित मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना के तहत नव दंपत्तियों ने गृहस्थ जीवन में प्रवेश लिया है। उनके वैवाहिक समारोह में मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और नागरिकगण शामिल हुए। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण किया है। प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए सतत प्रयासरत है। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मंडला जिले में सिचाई क्षमता बढ़ाई जायेगी। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष पैकेज देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले में हो रहे विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महत्वपूर्ण योगदान है। आज आयोजित कार्यक्रम में वर-वधु गृहस्थ जीवन में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए नव वर-वधुओं को सुखद व उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर जिले की विभूतियों शुचि उपाध्याय, विनिता मरकाम, पुष्पेन्द्र बघेल, रोशनी बघेल और पूजा श्रीवास को सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना के हितग्राही, लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र, स्व सहायता समूहों को लाभांश राशि का वितरण सहित अन्य हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक डॉ. चैनसिंह वरकड़े, विधायक श्री नारायण सिंह पट्टा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, नगरपालिका नैनपुर अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, नगर पंचायत बम्हनी बंजर अध्यक्ष श्री मीना हरदहा, जनपद पंचायत मंडला अध्यक्ष श्री सोनू भलावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर श्रीमती ओमवती उइके, कमिश्नर जबलपुर श्री अभय वर्मा, आईजी श्री संजय कुमार सिंह, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा सहित नागरिकगण शामिल थे।