भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा ही संगठन के तहत ‘सेवा प्रकल्प‘ का शुभारंभ कर संबोधित किया। इस अवसर पर मोबाइल नंबर 9203597200 एवं 9203697200 जारी किया गया है। इन मोबाइल नंबरों पर पार्टी कार्यकर्ता व परिवारजन संपर्क कर चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा संचालित किए जाने वाले ‘सेवा प्रकल्प‘ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में गांव-गांव में आंखों की जांच के शिविर लगाए, भाजपा सरकार जरूरत मंदों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराएगी। मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं जहां होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित इलाज मिले, इसके लिए सरकार एक योजना बना रही है। इस योजना के तहत राजमार्गों के किनारे अस्पताल बनाने वालों को 30 प्रतिशत अनुदान सरकार देगी। हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमारी सरकार अभी संभाग स्तर पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बना रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बने, इस संबंध में भी तेजी से कार्य हो रहा हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विश्वास और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सक्रियता से पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आज से संचालित यह ‘सेवा प्रकल्प‘ कार्यकर्ताओं और जनता के दुखों को दूर करने का कार्य करेगा। पार्टी ने नवाचार करते हुए अभी प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प‘ शुरू किया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों तक ‘सेवा प्रकल्प‘ खोलकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि ‘सेवा प्रकल्प‘ भाजपा सरकार और संगठन के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएगा। यह नवाचार पार्टी के सेवा ही संगठन और राष्ट्र ही प्रथम के सिद्धांत को प्रतिपादित कर रहा है। मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा का ‘सेवा प्रकल्प‘ प्रदेश की जनता को आरोग्य प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा। भाजपा सरकार लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है। 
मध्यप्रदेश भाजपा की कल्पनाशीलता है सेवा का प्रकल्प - डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लगातार विस्तार के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना बनाकर गरीबों, वंचितों और बुजुर्गों को पांच लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल की कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता की सेवा के प्रति उनके लगन और कल्पनाशीलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है पार्टी का यह ‘सेवा प्रकल्प‘। यह योजना भाजपा संगठन और सरकार की जनता के प्रति सेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इतनी बड़ी संख्या में चिकित्सा प्रकोष्ठ के चिकित्सागण व कार्यकर्ता यहां उपस्थित हैं, जिससे पार्टी के साथ सरकार को भी भरोसा हो गया कि आने वाले दिनों में यह सभी लोग जनता की सेवा के लिए पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। हमारी सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में 55 जिले हैं और 52 जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, निर्माणाधीन हैं या बनाने के लिए टेंडर प्रक्रियाधीन हैं। प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर हमारी सरकार एक रूपए की दर से 25 एकड़ जमीन मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए उपलब्ध करा रही है। 
कांग्रेस सरकारों में प्रतिभा का पलायन होता रहा, मेडिकल कॉलेज खोलने की नहीं मिलती थी अनुमति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश भर में बहुत तेज गति से मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। केंद्र में जब लगातार कांग्रेस की सरकारें थीं, मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) के जरिए ऐसे कड़े नियम बनाए थे कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए अनुमति ही नहीं मिल पाती थी। मेडिकल कॉलेज नहीं होने से मध्यप्रदेश सहित देशभर की बौद्धिक प्रतिभाओं का पलायन होता रहा, लेकिन कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद नियमों में सुधार किया गया और अब लगातार मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने नियमों में सुधार कर चिकित्सक बनने वाले युवाओं को बड़ी सौगात दी है। आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हो जाएंगे। मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए जिला अस्पतालों को भी देने का कार्य किया जा रहा है। सभी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण समय-सीमा में पूरा हो, सरकार इस पर भी पूरा ध्यान दे रही है। मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक स्वास्थ्य अमला जैसे नर्सिंग स्टॉफ, पैरामेडिकल स्टॉफ व अन्य टेक्निकल स्टॉफ की भी समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
राजनीति का मतलब पद प्राप्त करना नहीं जनता की सेवा करना है - श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन और उनके सिद्धांत आज भी समाज के हर वर्ग को समानता और सम्मान का मार्ग दिखा रहे हैं। बाबा साहब ने जिस समाज का सपना देखा था, जिसमें हर व्यक्ति को समान अधिकार मिले और समाज का सबसे वंचित वर्ग भी उन्नति की मुख्य धारा में शामिल हो, उसे साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश भाजपा ने सेवा और समर्पण का संदेश देते हुए ‘सेवा प्रकल्प‘ की शुरूआत की है। ‘सेवा प्रकल्प‘ भाजपा संगठन की एक महत्वपूर्ण और अभूतपूर्व पहल है। राजनीति का मतलब सिर्फ पद प्राप्त करना नहीं जनता की सेवा करना है। भाजपा संगठन ‘सेवा प्रकल्प‘ के जरिए कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों की सेवा का संकल्प लिया है। जनता की सेवा भी हमारा लक्ष्य है। यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह समाज के आखिरी व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का एक संकल्प है। भाजपा संगठन ने प्रदेश कार्यालय में स्थापित ‘सेवा प्रकल्प‘ को आगामी दिनों में विस्तार देते हुए प्रदेश के बड़े शहरों में भी स्थापित करने की योजना बना रहा है, जहां जरूरतमंद को मार्गदर्शन, सहायता और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाऐंगे। इस पहल में चिकित्सा प्रकोष्ठ की अहम भूमिका है, जो संगठन, सरकार और समाज के बीच एक सेतु का कार्य करेगा। अब मरीजों को इलाज के लिए भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें एक सरल, सम्मानजनक और त्वरित व्यवस्था प्राप्त होगी, जो उनके इलाज और कल्याण को सुनिश्चित करेगी। पार्टी कार्यालयों को अब स्वास्थ्य सेवाओं और जरूरतमंदों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आयुष्मान भारत जैसी दूरदर्शी और क्रांतिकारी योजनाओं के जरिए, प्रधानमंत्री जी ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर वंचित वर्ग के लोगों को निःशुल्क और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। यह प्रतिबद्धता गरीबों के स्वास्थ्य अधिकारों को सशक्त बनाती है और उनके जीवन की गुणवत्ता को सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस दृष्टिकोण को पूरी तरह से अपनाते हुए हर नागरिक को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रधानमंत्री जी की दृढ़निष्ठा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नीतियों का सामूहिक असर, राज्य के हर व्यक्ति को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराएगा, और यह हमारी प्रतिबद्धता है कि हम बाबा साहब के समतामूलक समाज की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।
बाबा साहब ने संविधान देकर देश को सजाने व संवारने का कार्य किया- डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर न केवल हमारे देश के संविधान के निर्माता थे, बल्कि वे भारतीय समाज के सशक्तिकरण के सशक्त मार्गदर्शक भी थे। उनका योगदान अतुलनीय है। यही कारण है कि उनकी जयंती हर साल दुनिया भर में अत्यधिक स्थानों पर श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है। आज के दिन उस दिव्य आत्मा का अवतरण हुआ था, जिसने हमारे राष्ट्र को संविधान प्रदान किया और देश को एक नई दिशा दी। बाबा साहब ने समाज को एक प्रेरणा दी थी-  “शिक्षित बनो, संगठित रहो, और संघर्ष करो“, जो आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। बाबा साहब की विचारधारा पर आधारित भाजपा ने उनके योगदान को सम्मानित करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय से सेवा प्रकल्प की शुरुआत की है, जो हर वर्ग के लिए समर्पित हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की दिशा में काम कर रही हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री जी की कई योजनाएं, जैसे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने गरीबों और पिछड़े वर्गों को सशक्त बनाने का काम किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने भी जन कल्याण के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। विशेष रूप से हेलिकॉप्टर एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है, जिससे राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं तक आसान और त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। यह सेवा बाबा साहब के संविधान में निहित स्वास्थ्य और समानता के अधिकार को व्यवहारिक रूप से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मरीजों के लिए एंबुलेंस हेलीकॉप्टर जैसी सुविधा देश के किसी भी प्रदेश में नहीं है। भाजपा संगठन नर सेवा नारायण सेवा के आधार पर जनता की सेवा कर रही है।
सेवा प्रकल्प‘ का उद्देश्य मानवता की सेवा करना है - श्री राजेन्द्र शुक्ल
मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ‘सेवा प्रकल्प‘ का उद्देश्य मानवता की सेवा करना है। यह प्रदेश की जनता को आरोग्य प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा। भाजपा सरकार लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य लगातार कर रही है। सेवा के इस प्रकल्प के माध्यम से चिकित्सा प्रकोष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनता के सेवा में कोई-कसर नहीं छोड़ेगा। भाजपा संगठन की यह कल्पनाशीलता ही है कि कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति भी सचेत है। आवश्यकता है ‘सेवा प्रकल्प‘ नवाचार से लोगों को जोड़ने की और उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए सतत प्रयास करने की। भाजपा सरकार जनता के स्वास्थ्य को और बेहतर से बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। 
*चिकित्सा प्रकोष्ठ भगवान श्रीराम के हनुमान बनकर सेवा कार्यों को आए बढ़ाएंगे-डॉ. विशाल सिंह बघेल*
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. विशाल सिंह बघेल ने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भगवान श्रीराम के हनुमान बनकर सेवा कार्यों को आए बढ़ाएंगे। हर जिले में एक हजार लोगों की टीम बनाई जा रही है, जो आने वाले दिनों में जरूरत मंदों के लिए समय-समय पर रक्तदान करेगी। ‘हर व्यक्ति स्वस्थ रहे, स्वस्थ कार्यकर्ता सशक्त संगठन’ की भावना के साथ यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकल्प के माध्यम से जरूरतमंद पार्टी कार्यकर्ताओं को त्वरित चिकित्सीय सहायता प्रदान की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान और सेवा टीम को सक्रिय किया जाएगा, तथा पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा। 
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री अंशुल तिवारी, श्री पवन दुबे, प्रदेश प्रवक्ता श्री अजय धवले सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व प्रदेश भर से आए वरिष्ठ चिकित्सक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।